गश्त के दौरान बड़ा हादसा
पुलिस बाइक और दूसरी बाइक की आमने-सामने टक्कर
संवाददाता धर्मेंद्र चौहान
हेड कांस्टेबल समेत युवक गंभीर घायल
एटा। जिले के सकीट कस्बे में बुधवार देर शाम गश्त के दौरान बड़ा हादसा हो गया। पुलिस की गश्ती बाइक और सामने से आ रही दूसरी बाइक में आमने-सामने की जोरदार भिड़ंत हो गई। इस हादसे में हेड कांस्टेबल अर्जुन सिंह और दूसरी बाइक सवार युवक वकील फारूखी (17) गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को प्राथमिक उपचार के बाद वीरांगना अवंतीबाई लोधी मेडिकल कॉलेज एटा रेफर किया गया है। मिली जानकारी के अनुसार, हेड कांस्टेबल अर्जुन सिंह और पीआरडी जवान जमुना प्रसाद बुधवार देर शाम कोबरा बाइक से कस्बे में नियमित गश्त पर थे। इसी दौरान सामने से तेज रफ्तार में आ रही बाइक, जिसे वकील फारूखी चला रहा था, अचानक अनियंत्रित होकर पुलिस बाइक से जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों बाइकें क्षतिग्रस्त हो गईं और चालक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत घायलों को नजदीकी अस्पताल पहुंचाया, जहां से डॉक्टरों ने उनकी नाजुक हालत देखते हुए मेडिकल कॉलेज एटा के लिए रेफर कर दिया।
थाना प्रभारी सकीट राजकुमार सिंह ने बताया कि हादसा गश्त के दौरान हुआ है। पुलिसकर्मी और युवक दोनों घायल हुए हैं, जबकि साथ में मौजूद पीआरडी जवान सुरक्षित है। पुलिस ने घटना की जानकारी परिजनों को दे दी है और मामले की जांच शुरू कर दी गई है।












