आगामी 22 फरवरी को नोएडा शिल्प हाट सेक्टर-33ए में होगा मेगा विधिक साक्षरता एवं सेवा शिविर का आयोजन
समवाददाता पवन सूर्यवंशी एनसीआर नोएडा
गौतम बुद्ध नगर, 18 फरवरी 2026 राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण, नई दिल्ली एवं उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के निर्देशानुसार जनपद गौतम बुद्ध नगर की जनता को उनके विधिक अधिकारों के प्रति जागरूक करने तथा सशक्त बनाने के उद्देश्य से आगामी 22 फरवरी 2026 को नोएडा शिल्प हाट, सेक्टर-33ए, नोएडा में मेगा/वृहद विधिक साक्षरता एवं सेवा शिविर का आयोजन किया जाएगा। मा0 जनपद न्यायाधीश अतुल श्रीवास्तव के मार्गदर्शन में आयोजित इस शिविर के संबंध में प्रभारी सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण एवं नोडल अधिकारी मेगा विधिक साक्षरता शिविर गौतम बुद्ध नगर, विरेक अग्रवाल ने जानकारी देते हुए बताया कि शिविर में राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण (नाल्सा) की विभिन्न प्रचलित योजनाओं जैसे श्रम अधिकार, बाल संरक्षण, ट्रांसजेंडर अधिकार, बंदी/कैदी सहायता, अनुसूचित जाति एवं जनजाति, वरिष्ठ नागरिक, यातायात दुर्घटना पीड़ितों एवं महामारी प्रभावित व्यक्तियों के लिए उपलब्ध विधिक सहायता योजनाओं की विस्तृत जानकारी प्रदान की जाएगी। उन्होंने बताया कि शिविर का उद्देश्य जनमानस को विभागों द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के व्यापक प्रचार-प्रसार के माध्यम से पात्र लाभार्थियों तक उनका लाभ पहुंचाना है। शिविर में जन-सामान्य, निर्बल वर्ग, दिव्यांगजन, बच्चे, महिलाएं, निर्धन वर्ग, वरिष्ठ नागरिक, असंगठित क्षेत्र के श्रमिक तथा अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति सहित समाज के सभी वर्गों को विभागीय योजनाओं का लाभ प्राप्त कराने हेतु आवश्यक मार्गदर्शन, परामर्श, लाभार्थियों का चिन्हांकन एवं पंजीकरण की व्यवस्था की जाएगी। इसके अतिरिक्त आमजन को निःशुल्क विधिक सहायता प्राप्त करने हेतु हेल्पलाइन नंबर 15100 पर कॉल कर कानूनी मदद प्राप्त करने के लिए भी प्रेरित किया जाएगा। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण ने जनपदवासियों से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर अपने विधिक अधिकारों की जानकारी प्राप्त करें तथा विभिन्न शासकीय योजनाओं का लाभ उठाएं। गौतमबुद्धनगर।












