एटा में नाबालिग जेबकतरा पकड़ा गया: राहगीर की सतर्कता से टला चोरी का प्रयास, पुलिस कर रही पूछताछ।
संवादाता अमन अहमद। एटा जिले के कोतवाली नगर क्षेत्र की अलीगंज चुंगी पर गुरुवार को उस समय हड़कंप मच गया जब एक नाबालिग जेबकतरा भीड़भाड़ के बीच चोरी करते रंगे हाथों पकड़ लिया गया। जानकारी के अनुसार, पीड़ित रामसेवक रोज़ की तरह अपने काम से निकले थे, तभी भीड़ में खड़ा एक नाबालिग उनकी जेब से 4000 रुपये नकद और एक सैमसंग मोबाइल निकालने की कोशिश करने लगा। रामसेवक को हलचल का एहसास हुआ और उन्होंने तुरंत उसे दबोच लिया।
घटना के बाद आस-पास मौजूद लोगों की भीड़ जमा हो गई। पकड़े जाने पर नाबालिग ने खुद को छुड़ाने के लिए जोर-जोर से चिल्लाना शुरू कर दिया और हंगामा करने लगा। मौके पर मौजूद लोगों ने स्थिति को काबू में रखते हुए पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची, लेकिन नाबालिग लगातार विरोध करता रहा। काफी प्रयासों के बाद पुलिस उसे हिरासत में लेने में सफल हुई।
फिलहाल पुलिस नाबालिग से पूछताछ कर रही है। इस मामले पर प्रभारी थाना अध्यक्ष अब्दुल कादिर ने कहा कि उन्हें मामले की जानकारी प्राप्त हुई है और विस्तृत जांच की जा रही है। पुलिस अब यह भी पता लगाने का प्रयास कर रही है कि नाबालिग अकेले काम कर रहा था या किसी गिरोह से जुड़ा हुआ है।
ये भी पढ़ें महिला थाने में परिवार परामर्श केंद्र की सुनवाई, 37 मामलों पर हुई कार्रवाई













