प्रतापगढ़ : मिशन शक्ति अभियान 5.0 का भव्य आयोजन, बेटियों को मिला आत्मनिर्भर जीवन का संदेश
प्रतापगढ़। जिले में मिशन शक्ति अभियान 5.0 के तहत सोमवार को इंटर कॉलेज में बड़ा आयोजन हुआ। कार्यक्रम में डीएम शिव सहाय अवस्थी और एसपी दीपक भूकर विशेष रूप से मौजूद रहे। अधिकारियों ने छात्राओं से संवाद कर उन्हें आत्मनिर्भर, सुरक्षित और सशक्त जीवन जीने का संदेश दिया।
कार्यक्रम में छात्राओं को नारी सुरक्षा, नारी सम्मान और नारी स्वावलंबन से जुड़ी योजनाओं एवं हेल्पलाइन नंबरों की विस्तृत जानकारी दी गई। अधिकारियों ने 1090 वूमेन पॉवर लाइन, 1930 साइबर हेल्पलाइन के उपयोग पर जोर दिया। साथ ही कन्या सुमंगला, मातृ वंदना योजना और वन स्टॉप सेंटर जैसी योजनाओं के बारे में भी बताया गया।
सम्मान समारोह में समाजसेविका नीलम तिवारी और डॉ. विनीत सिंहा को विशेष रूप से सम्मानित किया गया। वहीं दौड़ प्रतियोगिता की विजेता रिमझिम गौतम और टॉपर दीक्षा सिंह को भी सम्मान मिला। इसके अलावा अंशिका, अदिति, तन्वी, शिखा, दिव्या, मिस्बा, रिया, नुसरत और आर्या जैसी छात्राओं को भी मंच पर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में सीओ प्रशांत राज, थानाध्यक्ष धनंजय राय और प्रधानाचार्य धवल द्विवेदी भी मौजूद रहे। अधिकारियों ने कहा कि मिशन शक्ति अभियान ने बेटियों में नई ऊर्जा और आत्मविश्वास जगाने का काम किया है।
ये भी पढ़ें सामाजिक न्याय एवं सामाजिक अधिकार सम्मेलन के सामने जिला प्रशासन ने घुटने टेका












