मैनपुरी में दिनदहाड़े किशोर की हत्या का खुलासा: तीन आरोपी गिरफ्तार, एक फरार
संवाद दाता:पंकज मिश्रा
मैनपुरी। थाना दन्नाहार क्षेत्र के जरामई गांव में दिनदहाड़े किशोर की गर्दन काटकर की गई हत्या के सनसनीखेज मामले में पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। घटना के बाद से फरार चल रहे आरोपियों को पकड़ने के लिए एसपी मैनपुरी के निर्देश पर चार टीमें गठित की गई थीं, जिनकी कड़ी मेहनत से इस जघन्य हत्या का खुलासा हो गया। दन्नाहार पुलिस ने पुरानी रंजिश के चलते हत्या को अंजाम देने वाले तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि एक आरोपी अभी भी फरार बताया जा रहा है। पकड़े गए तीनों आरोपी मृतक के ही गांव के रहने वाले हैं। पुलिस ने उनकी निशानदेही पर एक तमंचा, कुल्हाड़ी और कारतूस भी बरामद किए हैं, जिनका इस्तेमाल घटना में किया गया था। एसपी सिटी ने प्रेस वार्ता कर पूरे मामले का खुलासा किया और बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि मृतक और आरोपियों के बीच पुरानी रंजिश चली आ रही थी, जिसके चलते किशोर की बेरहमी से हत्या की गई। पुलिस फरार आरोपी की तलाश में लगातार दबिश दे रही है।
घटना से इलाके में दहशत फैल गई थी और ग्रामीणों में भारी आक्रोश देखा गया था। पुलिस का कहना है कि जल्द ही चौथे आरोपी को भी गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा।












