विश्व पर्यावरण दिवस पर भारतीय राष्ट्रीय पत्रकार महासंघ ने आयोजित किया वृक्षारोपण एवं जनजागरूकता संगोष्ठी
जिला संवाददाता अमित शुक्ला
कुंडा, प्रतापगढ़। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर भारतीय राष्ट्रीय पत्रकार महासंघ के तत्वावधान में सरयू प्रसाद इंटर कॉलेज (एसपी इंटर कॉलेज) कुंडा परिसर में वृक्षारोपण एवं जनजागरूकता संगोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि उपजिलाधिकारी (एसडीएम) कुंडा वाचस्पति सिंह ने कहा कि पर्यावरण के प्रति जागरूकता और संरक्षण हम सभी की जिम्मेदारी ही नहीं बल्कि नैतिक कर्तव्य भी है। उन्होंने कहा कि प्रकृति से अनावश्यक छेड़छाड़ मानव जीवन के लिए खतरनाक साबित हो रही है और इसका परिणाम ग्लोबल वार्मिंग के रूप में पूरी दुनिया भुगत रही है।एसडीएम ने कहा कि पर्यावरण को स्वच्छ एवं हरा-भरा बनाए रखने के लिए अधिक से अधिक वृक्षारोपण आवश्यक है। जल, जंगल और जमीन के संरक्षण पर बल देते हुए उन्होंने लोगों से प्लास्टिक के उपयोग से बचने तथा कपड़े एवं कागज के थैलों का प्रयोग करने की अपील की। उन्होंने कहा कि अनावश्यक वाहनों के उपयोग से निकलने वाली कार्बन डाइऑक्साइड मानव स्वास्थ्य को नुकसान पहुंचा रही है, इसलिए दैनिक जीवन में साइकिल के उपयोग को बढ़ावा देना चाहिए।
कार्यक्रम में वन क्षेत्राधिकारी (फॉरेस्ट रेंजर) आशीष प्रताप सिंह ने बताया कि शासन के निर्देशानुसार पांच दिवसीय वृक्षारोपण अभियान का शुभारंभ हो चुका है। उन्होंने कहा कि जनसामान्य को वृक्षारोपण के लिए जागरूक किया जा रहा है तथा इस वर्ष गंगा एक्सप्रेस-वे के किनारे 43 किलोमीटर क्षेत्र में सघन वृक्षारोपण किया जाएगा।संगोष्ठी को प्रधानाचार्य राधेश्याम दूबे, प्रभारी निरीक्षक मनोज कुमार पांडेय, अजय पांडेय तथा गोलू भाई ने भी संबोधित किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता भारतीय राष्ट्रीय पत्रकार महासंघ के राष्ट्रीय मुख्य महासचिव मथुरा प्रसाद ने की तथा संचालन वरिष्ठ पत्रकार डॉ. विजय यादव ने किया।कार्यक्रम के अंत में विद्यालय परिसर में वृक्षारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया गया। इस अवसर पर अजय यादव, विनोद मिश्रा, रवींद्र दुबे, अजय त्रिपाठी शास्वत शुक्ला सहित वन विभाग के अधिकारी-कर्मचारी, विद्यालय के शिक्षक एवं भारतीय राष्ट्रीय पत्रकार महासंघ के पदाधिकारी एवं पत्रकारगण उपस्थित रहे।
ये भी पढ़ें मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का जन्मदिन भाजपा कार्यकर्ताओं ने धूमधाम से मनाया, टेऊंगा कार्यालय में कटा केक












