NEET में 608 अंक हासिल कर उज्जवल गुप्ता ने बढ़ाया क्षेत्र का मान,
बाघराय_प्रतापगढ़
रिपोर्टर_बृजेंद्र शर्मा
मेरठ के प्रतिष्ठित चिकित्सा संस्थान में MBBS में मिला प्रवेश, क्षेत्रवासियों ने किया सम्मान
बाघराय/बिहार, प्रतापगढ़। बाघराय थाना क्षेत्र के बिहार ब्लॉक अंतर्गत छेऊंगा ग्राम सभा निवासी उज्जवल गुप्ता ने राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (NEET) में 608 अंक हासिल कर चिकित्सा शिक्षा के क्षेत्र में महत्वपूर्ण सफलता प्राप्त की है। उनकी इस उपलब्धि से परिवार सहित पूरे क्षेत्र में खुशी का माहौल है।
NEET में शानदार प्रदर्शन के बाद उज्जवल गुप्ता का मेरठ के प्रतिष्ठित चिकित्सा संस्थान में MBBS पाठ्यक्रम में प्रवेश हुआ है। उज्जवल की सफलता पर परिजनों, गुरुजनों, मित्रों और क्षेत्रवासियों ने उन्हें बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
उज्जवल गुप्ता ने अपनी सफलता का श्रेय अपने गुरुजनों, माता-पिता तथा अपने चाचा संगमलाल गुप्ता को दिया। उन्होंने कहा कि परिवार के निरंतर सहयोग, गुरुजनों के मार्गदर्शन और स्वयं की मेहनत से यह सफलता हासिल हुई है। उन्होंने आगे भी पूरी लगन और मेहनत के साथ चिकित्सा शिक्षा प्राप्त कर समाज की सेवा करने की इच्छा व्यक्त की।
उज्जवल की सफलता की जानकारी मिलने पर फूलपुर मोरी बाजार में क्षेत्रवासियों ने उनका माल्यार्पण कर स्वागत किया। इस दौरान लोगों ने मिठाई खिलाकर खुशी जताई और उज्जवल को शुभकामनाएं देते हुए उनके सफल चिकित्सकीय भविष्य की कामना की।
स्थानीय लोगों का कहना है कि उज्जवल गुप्ता की उपलब्धि क्षेत्र के अन्य विद्यार्थियों के लिए भी प्रेरणादायक है। उनकी सफलता ने यह संदेश दिया है कि मेहनत, लगन और उचित मार्गदर्शन के बल पर ग्रामीण क्षेत्र के विद्यार्थी भी बड़े लक्ष्य हासिल कर सकते हैं।












