मैनपुरी में लापरवाही बनी आग का कारण: पानी गर्म करने की रोड से घर में लगी भीषण आग, हजारों का सामान राख
संवाद दाता:पंकज मिश्रा
मैनपुरी। बिछवां थाना क्षेत्र के गांव जेली में मंगलवार को लापरवाही के कारण एक घर में आग लग गई। पानी गर्म करने वाली रोड (हीटर) को बिजली बोर्ड में लगा छोड़ने से दोपहर में अचानक आग भड़क उठी। देखते ही देखते आग ने घर में रखे कपड़े, खाद्यान्न, कागजात समेत करीब 20 हजार रुपये की नकदी को राख कर दिया। ग्रामीणों की मदद से आग पर काबू पाया गया। घटना की सूचना क्षेत्रीय लेखपाल को दे दी गई है। गांव जेली निवासी अशोक मिश्रा ने बताया कि उनके भाई अखिलेश मिश्रा मैनपुरी के एक प्राइवेट स्कूल में शिक्षक हैं, जबकि भाभी सीमा मिश्रा आंगनबाड़ी कार्यकत्री के पद पर कार्यरत हैं। सुबह घर में पानी गर्म करने के लिए उन्होंने रोड को बिजली बोर्ड में लगाया था। इसी दौरान बिजली कट गई, लेकिन जल्दबाजी में रोड को बोर्ड से हटाया नहीं गया और वे अपने कार्यों में व्यस्त होकर आंगनबाड़ी केंद्र चली गईं। दोपहर में जैसे ही बिजली आई, बोर्ड में लगा हीटर गर्म होना शुरू हुआ। हीटर लकड़ी के स्टूल पर रखा था, जिसके अधिक गर्म होने से स्टूल में आग लग गई और पास में रखे दैनिक उपयोग के कपड़े, खाद्यान्न और अन्य सामान भी जलने लगा। आग की चपेट में आकर बक्से में रखे जरूरी कागजात और करीब 20,000 रुपये नकद, जो खेत में खाद डालने हेतु रखे गए थे, भी जलकर राख हो गए। कमरे से अचानक धुआं उठता देख पड़ोसी मौके पर पहुंचे। लोगों ने गेट तोड़कर बिजली की लाइन काटी और सामूहिक प्रयास से आग पर काबू पाया। सूचना मिलने पर क्षेत्रीय लेखपाल ने नुकसान का आकलन करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
ग्रामीणों ने ऐसी घटनाओं से बचने के लिए बिजली उपकरणों के उपयोग में सावधानी बरतने की अपील की है।












