“अब अपराध कर बचना नामुमकिन”: बेमेतरा पुलिस के हाथ लगी हाईटेक फॉरेंसिक मोबाइल वैन, घटनास्थल पर ही खुलेगा हर राज
“सबूत नहीं बचेंगे, अपराधी नहीं बचेंगे” — हत्या, चोरी, हादसे और संगीन वारदातों की जांच अब होगी वैज्ञानिक तकनीक से मिनटों में
एसपी राम कृष्ण साहू ने दिखाई हरी झंडी, बोले — आधुनिक तकनीक से अपराधियों पर कसेगा शिकंजा
जिला संवाददाता ताम्रध्वज साहू
बेमेतरा जिले में अपराध अनुसंधान व्यवस्था को हाईटेक और वैज्ञानिक बनाने की दिशा में बेमेतरा पुलिस ने बड़ा कदम उठाया है। अब अपराधियों के लिए बच निकलना आसान नहीं होगा, क्योंकि जिले को अत्याधुनिक फॉरेंसिक मोबाइल वैन की सौगात मिल गई है। पुलिस अधीक्षक कार्यालय परिसर में आयोजित कार्यक्रम के दौरान पुलिस अधीक्षक राम कृष्ण साहू ने हरी झंडी दिखाकर मोबाइल फॉरेंसिक वैन को रवाना किया।
यह हाईटेक मोबाइल वैन घटनास्थल पर तत्काल पहुंचकर वैज्ञानिक तरीके से साक्ष्य जुटाने, जांच करने और प्राथमिक विश्लेषण करने में सक्षम होगी। वैन में आधुनिक फॉरेंसिक उपकरण लगाए गए हैं, जिनकी मदद से हत्या, चोरी, सड़क दुर्घटना, संदिग्ध मौत, साइबर एवं अन्य गंभीर अपराधों की जांच पहले से कहीं अधिक तेज और सटीक हो सकेगी।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार अब घटनास्थल से फिंगरप्रिंट, ब्लड सैंपल, डिजिटल एविडेंस और अन्य महत्वपूर्ण साक्ष्य तुरंत सुरक्षित किए जा सकेंगे। इससे विवेचना की गुणवत्ता मजबूत होगी और अदालत में प्रमाण आधारित जांच प्रस्तुत करने में बड़ी मदद मिलेगी। पुलिस का मानना है कि इस तकनीकी पहल से अपराधियों तक कम समय में पहुंच बनाना संभव होगा और अपराध नियंत्रण व्यवस्था को नई मजबूती मिलेगी।
कार्यक्रम में पुलिस विभाग के अधिकारी-कर्मचारी, अधिवक्ता एवं पत्रकार बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। जिले में हाईटेक फॉरेंसिक मोबाइल वैन की शुरुआत को आधुनिक पुलिसिंग और स्मार्ट इन्वेस्टिगेशन की दिशा में ऐतिहासिक कदम माना जा रहा है।
ये भी पढ़ें उज्जैन में दुर्लभ ‘सेंड बोआ’ सांप के साथ 5 आरोपी पकड़े गए। वन्यजीव तस्करी नेटवर्क की जांच तेज:-












