अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार युवक की दर्दनाक मौत, परिवार में कोहराम
जिला संवाददाता काव्यांश रावत
एटा। पिलुआ थाना क्षेत्र के नगला गूलर के पास एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की मौत हो गई। अज्ञात वाहन की टक्कर में गंभीर रूप से घायल हुए युवक को पुलिस ने तत्काल मेडिकल कॉलेज भिजवाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना से परिजनों में कोहराम मचा हुआ है। मृतक की पहचान अलीगढ़ जनपद के थाना मडराक क्षेत्र के अहमदपुर उमराक गांव निवासी सागर के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, सागर अलीगढ़ से थाना कुरावली क्षेत्र के गांव मिड़ावली हवेली अपने ननिहाल में ठहरकर अगले दिन होने वाले बीए के पेपर देने जा रहा था। रास्ते में नगला गूलर के पास उसकी बाइक को अज्ञात वाहन ने जोरदार टक्कर मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना मिलते ही पिलुआ थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायल युवक को मेडिकल कॉलेज एटा में भर्ती कराया। लेकिन चिकित्सीय परीक्षण के दौरान डॉक्टरों ने सागर को मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है। हादसे के बाद मृतक के परिवार में भारी शोक व्याप्त है।












