सरदार पटेल जयंती पर ‘रन फॉर यूनिटी’ में हर नागरिक की सहभागिता जरूरी: डीसी वीरेंद्र दहिया
31 अक्टूबर को पानीपत दौड़ेगा एकता और भाईचारे के संदेश के साथ
जिला क्राइम रिपोर्टर – सागर गोयल
सरदार वल्लभ भाई पटेल की जयंती पर 31 अक्टूबर को देशभर में आयोजित होने वाले ‘रन फॉर यूनिटी’ कार्यक्रम की तैयारियां पानीपत जिले में जोर-शोर से चल रही हैं। इस अवसर पर जिले में आमजन से लेकर विद्यार्थियों, खिलाड़ियों, महिला संगठनों और वरिष्ठ नागरिकों तक सभी वर्गों की सहभागिता सुनिश्चित की जाएगी।
जिला उपायुक्त डॉ. वीरेंद्र कुमार दहिया ने मंगलवार को जिला सचिवालय सभागार में हुई वीडियो कॉन्फ्रेंस के बाद संबंधित अधिकारियों को दिशा-निर्देश जारी करते हुए कहा कि हर नागरिक इस दौड़ में शामिल होकर राष्ट्रीय एकता, अखंडता और भाईचारे का संदेश प्रसारित करे।
डीसी ने बताया कि यह कार्यक्रम केवल दौड़ नहीं, बल्कि देश की एकता के प्रतीक सरदार वल्लभ भाई पटेल के प्रति सम्मान व्यक्त करने का माध्यम है। इस अवसर पर स्कूल-कॉलेज के छात्र-छात्राएं, नेहरू युवा केंद्र के स्वयंसेवक, खिलाड़ी और आम नागरिक तिरंगा हाथ में लेकर दौड़ लगाएंगे और ‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत’ का संदेश देंगे।
उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय भावना को मजबूत करना हम सभी का कर्तव्य है, और इसी उद्देश्य से पानीपत जिले के लोग एक साथ दौड़ लगाकर ‘आयरन मैन ऑफ इंडिया’ सरदार पटेल को श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे।
डीसी दहिया ने अधिकारियों को यह सुनिश्चित करने के निर्देश दिए कि सभी विभाग कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए आपसी तालमेल के साथ कार्य करें, ताकि यह आयोजन जिले में राष्ट्रीय एकता और सामाजिक समरसता का उदाहरण बन सके।
ये भी पढ़ें आदर्श व्यापार मंडल गर्ग गुट ने पटाखा अग्नि कांड व्यापारियों की आर्थिक मदद कर दिवाली की पहुंचाई खुशियां












