पैसे दो, तभी लगेगी आख्या’— लेखपाल पर गंभीर आरोप, एसडीएम को सौंपा शिकायती पत्र
आय, जाति और निवास प्रमाण पत्र के नाम पर रिश्वत मांगने का आरोप, एसडीएम से शिकायत
बस्ती। तहसील भानपुर क्षेत्र में आय, जाति एवं निवास प्रमाण पत्र बनवाने के नाम पर रिश्वत मांगने का मामला प्रकाश में आया है। ग्राम परसालगड़ा, पोस्ट सिहारी सरदहा निवासी प्रदीप कुमार ने उपजिलाधिकारी भानपुर को शिकायती पत्र देकर संबंधित लेखपाल के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की है।
शिकायती पत्र के अनुसार, प्रदीप कुमार ने अपने बच्चों की शिक्षा संबंधी आवश्यकताओं के लिए आय, जाति एवं निवास प्रमाण पत्र हेतु ऑनलाइन आवेदन किया था। प्रार्थी का आरोप है कि संबंधित लेखपाल द्वारा आवेदन पर आख्या लगाने के बदले 2000 रुपये की मांग की गई। साथ ही रुपये न देने पर आवेदन निरस्त करने की धमकी भी दी गई।
प्रार्थी ने आरोप लगाया कि जब उन्होंने उच्च अधिकारियों से शिकायत करने की बात कही, तो संबंधित कर्मचारी ने कथित रूप से कहा कि प्रशासन में उसका कुछ नहीं बिगड़ेगा और आवेदन को निरस्त कर दिया गया।
प्रदीप कुमार ने अपने पत्र में बताया कि वह एक मेहनत-मजदूरी करने वाले गरीब परिवार से हैं तथा उनके परिवार की वार्षिक आय निर्धारित मानक से कम है। ऐसे में प्रमाण पत्र न बनने से बच्चों की पढ़ाई और अन्य आवश्यक कार्य प्रभावित हो रहे हैं।
पीड़ित ने उपजिलाधिकारी से मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषी के खिलाफ आवश्यक वैधानिक कार्रवाई किए जाने की मांग की है। अब यह देखना होगा कि प्रशासन शिकायत को कितनी गंभीरता से लेते हुए क्या कार्रवाई करता है।
ये भी पढ़ें प्रतापगढ़ से तीन सीओ का गैर जनपद तबादला, पुलिस महकमे में हलचल












