नई अनाज मंडी में 12 से 14 दिसंबर तक कृषि उपकरणों का भौतिक सत्यापन, किसानों को समय पर पहुँचने की अपील
जिला क्राइम रिपोर्टर
सागर गोयल पानीपत, हरियाणा।
फसल अवशेष प्रबंधन योजना 2025-26 के तहत किसानों द्वारा खरीदे गए कृषि उपकरणों का बिना फोटो भौतिक सत्यापन 12, 13 और 14 दिसंबर को किया जाएगा। यह जानकारी उपायुक्त डॉ. वीरेंद्र कुमार दहिया ने दी। उपायुक्त ने बताया कि सरकार फसल अवशेष प्रबंधन के लिए किसानों को आधुनिक कृषि यंत्रों पर 50 प्रतिशत अनुदान उपलब्ध करा रही है। उन्होंने किसानों से आग्रह किया कि वे निर्धारित तिथियों पर अपने कृषि यंत्र साथ लेकर सत्यापन स्थल पर अवश्य पहुँचे, जिससे अनुदान प्रक्रिया सुचारु और पारदर्शी ढंग से पूरी की जा सके। कृषि एवं किसान कल्याण विभाग के उप निदेशक डॉ. आत्मा राम ने बताया कि जिन किसानों ने 1 दिसंबर से 10 दिसंबर 2025 के बीच अपने कृषि उपकरणों के बिल एग्रीहरियाणा पोर्टल पर अपलोड किए हैं, उनका सत्यापन नई अनाज मंडी स्थित विभागीय कार्यालय परिसर में गठित कमेटी द्वारा किया जाएगा।
निर्धारित तिथियाँ इस प्रकार हैं—
12 दिसंबर: सुपर सीडर
13 दिसंबर: बेलर, हे रेक व कटर
14 दिसंबर: चॉपर, जीरो-टिल सहित अन्य उपकरण
उन्होंने यह भी बताया कि 30 नवंबर तक अपलोड हुए बिलों का सत्यापन 2, 3 और 4 दिसंबर को पहले ही पूरा किया जा चुका है।












