थाना समाधान दिवस एसपी दीपक भूकर ने थाना अंतू में सुनीं जन समस्याएं, समयबद्ध निस्तारण के दिए निर्देश
संवाददाता विनय कुमार मिश्रा
प्रतापगढ़।प्रतापगढ़। पुलिस अधीक्षक दीपक भूकर ने शनिवार, 11 जुलाई 2026 को थाना अंतू में आयोजित थाना समाधान दिवस के दौरान फरियादियों की समस्याएं सुनीं और उनके त्वरित एवं प्रभावी निस्तारण के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।समाधान दिवस में पुलिस एवं राजस्व विभाग के अधिकारियों की संयुक्त उपस्थिति में शिकायतों की सुनवाई की गई। एसपी ने निर्देश दिया कि भूमि एवं राजस्व संबंधी विवादों में पुलिस और राजस्व विभाग की संयुक्त टीम मौके पर पहुंचकर स्थलीय निरीक्षण करे, ताकि मामलों का निष्पक्ष और स्थायी समाधान सुनिश्चित किया जा सके।
उन्होंने कहा कि शिकायतों का निस्तारण केवल औपचारिकता न होकर समस्या की मूल वजह तक पहुंचकर किया जाए, जिससे फरियादियों को बार-बार थाने के चक्कर न लगाने पड़ें। लंबित मामलों के लिए समय-सीमा निर्धारित करते हुए उन्होंने चेतावनी दी कि किसी भी स्तर पर लापरवाही या अनावश्यक विलंब स्वीकार नहीं किया जाएगा।एसपी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रत्येक शिकायत के निस्तारण के बाद शिकायतकर्ता की संतुष्टि सुनिश्चित करना संबंधित अधिकारी की व्यक्तिगत जिम्मेदारी होगी। साथ ही फरियादियों के साथ विनम्र व्यवहार और उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुनने पर विशेष जोर दिया।
उन्होंने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप आमजन को सुलभ एवं त्वरित न्याय उपलब्ध कराना पुलिस विभाग की प्राथमिक जिम्मेदारी है। उन्होंने क्षेत्रवासियों से समाधान दिवस का अधिकाधिक लाभ उठाने और अपनी समस्याएं खुलकर रखने की अपील की।सुनवाई के दौरान अधिकांश मामलों में मौके पर ही संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश जारी किए गए, जबकि शेष प्रकरणों को पंजिका में दर्ज कर उनके शीघ्र निस्तारण की जिम्मेदारी संबंधित थाना प्रभारी को सौंपी गई।इस अवसर पर राजस्व निरीक्षक, उपनिरीक्षकगण एवं थाना अंतू का समस्त पुलिस स्टाफ उपस्थित रहा
ये भी पढ़ें अयोध्या में भाजपा कार्यकर्ता रवि पांडेय का जन्मदिन श्रद्धा एवं सम्मान के साथ मनाया गया












