प्रतापगढ़ जिला कारागार फिर सवालों के घेरे में, एक महीने में दूसरा बड़ा हादसा।
संवाददाता विनय कुमार मिश्रा प्रतापगढ़।
जिला कारागार एक बार फिर गंभीर सवालों के केंद्र में आ गया है।जेल के अंदर निरुद्ध एक बंदी संदिग्ध परिस्थितियों में गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे हालत बिगड़ने पर जिला अस्पताल से प्रयागराज रेफर कर दिया गया। जेल प्रशासन का दावा है कि बंदी राजेंद्र के ऊपर सोते समय पंखा गिर गया, जिससे वह घायल हुआ। हालांकि इस घटना को लेकर कई सवाल खड़े हो रहे हैं। जेल के अंदर आखिर ऐसी परिस्थितियां कैसे बन रही हैं कि लगातार गंभीर हादसे सामने आ रहे हैं, लेकिन हर बार सच्चाई जेल की चारदीवारी के भीतर ही दबकर रह जाती है।गौरतलब है कि बीते 10 अप्रैल को भी जिला कारागार में पास्को एक्ट में निरुद्ध एक बंदी की संदिग्ध हालात में जलकर मौत हो गई थी। उस घटना ने भी जेल प्रशासन की कार्यप्रणाली पर बड़े सवाल खड़े किए थे। लेकिन इतने बड़े मामले के बाद भी सुरक्षा और निगरानी व्यवस्था में कोई ठोस सुधार नजर नहीं आया। अब एक महीने के भीतर दूसरी बड़ी घटना ने जिला कारागार की व्यवस्थाओं पर फिर सवालिया निशान लगा दिया है। लगातार हो रही घटनाओं से यह साफ दिखाई दे रहा है कि जेल प्रशासन पहले की घटनाओं से सबक लेने को तैयार नहीं है। फिलहाल घायल बंदी का इलाज प्रयागराज में चल रहा है, जबकि पूरे मामले को लेकर चर्चाओं का बाजार गर्म है। जेल के अंदर आखिर हकीकत क्या है, यह जांच का विषय बना हुआ है।












