प्रतापगढ़: ससुराल गए युवक की चाकू मारकर हत्या, गांव में सनसनी
प्रतापगढ़ जनपद के महेशगंज थाना क्षेत्र में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। ससुराल गए एक युवक की चाकू मारकर हत्या कर दी गई, जिससे पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है और गांव में तनाव का माहौल बना हुआ है।
जानकारी के अनुसार, महेशगंज थाना क्षेत्र के हरिहरपुर निवासी विजय शुक्ला अपने ससुराल राम राजापुर बिंधन के जियावन के पुरवा गांव गए हुए थे। इसी दौरान पारिवारिक विवाद इतना बढ़ गया कि मामा के लड़के दीपक पांडे ने विजय पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया।

गंभीर रूप से घायल विजय शुक्ला को आनन-फानन में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) कुंडा ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को नियंत्रित करने के लिए गांव में भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया।
वारदात के बाद आरोपी दीपक पांडे मौके से फरार हो गया है, जिसकी तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही है। मृतक के परिजनों की तहरीर पर पुलिस ने मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
इस दर्दनाक घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया है। मृतक अपने पीछे बच्चों को छोड़ गया है, जिनके सिर से पिता का साया उठ गया है।
पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा और मामले में सख्त कार्रवाई की जाएगी।
ये भी पढ़ें रायबरेली: गंगा एक्सप्रेस-वे पर दर्दनाक सड़क हादसा, एक ही परिवार के तीन सदस्य गंभीर घायल












