रेस की सनक पड़ी भारी: कारोबारी के बेटों की बेकाबू कार ने 7 पुलिसकर्मियों को कुचला, दो की हालत गंभीर
डिप्टी स्टेट ब्यूरो चीफ धर्मेंद्र चौहान
मेरठ। शहर में देर रात तेज रफ्तार और लापरवाही का खतरनाक नजारा सामने आया, जब ऑटो पार्ट्स कारोबारी के बेटे द्वारा चलाई जा रही बेकाबू इनोवा कार ने सड़क किनारे खड़े सात पुलिसकर्मियों को टक्कर मार दी। हादसे में एक हेड कांस्टेबल का पैर टूट गया, जबकि अन्य पुलिसकर्मी गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें कार पुलिसकर्मियों को रौंदते हुए पुलिस जीप से टकराती दिखाई दे रही है। घटना शनिवार देर रात करीब 2:30 बजे की है। ब्रह्मपुरी थाना क्षेत्र में पुलिस टीम नियमित गश्त पर थी। टीपीनगर गेट के सामने हनुमान मंदिर के पास पुलिस जीप खड़ी थी और पांच पुलिसकर्मी सड़क किनारे मौजूद थे। इसी दौरान डायल-112 के दो पुलिसकर्मी भी बाइक से वहां पहुंच गए। सभी सात पुलिसकर्मी आपस में बातचीत कर रहे थे, तभी तेज रफ्तार इनोवा कार ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कार की रफ्तार 100 किलोमीटर प्रति घंटा से अधिक थी। टक्कर इतनी भीषण थी कि कुछ पुलिसकर्मी कई फीट दूर जा गिरे। मौके पर अफरा-तफरी और चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोगों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया। जांच में सामने आया कि ब्रह्मपुरी क्षेत्र के सुपरटेक पामग्रीन, बिजली बंबा रोड निवासी कारोबारी रमन जोली के बेटे नमन जोली (37) और अमन जोली (35) अपनी इनोवा और थार गाड़ियों से दिल्ली हाईवे पर रेस लगा रहे थे। दोनों भाई एक-दूसरे को ओवरटेक करने की कोशिश कर रहे थे। इसी दौरान नमन जोली की इनोवा अनियंत्रित होकर पुलिसकर्मियों से जा टकराई। हादसे में कांस्टेबल लोकेन्द्र पंवार, सतेंद्र कुमार, विक्रम सिंह, कपिल भाटी, राजेश कुमार तथा हेड कांस्टेबल रविन्द्र मलिक सहित सात पुलिसकर्मी घायल हो गए। सभी को पहले केएमसी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां से गंभीर हालत को देखते हुए न्यूटिमा अस्पताल रेफर कर दिया गया। हेड कांस्टेबल रविन्द्र मलिक के पैर में फ्रैक्चर हुआ है और उनका ऑपरेशन किया गया है। दो पुलिसकर्मियों की हालत अभी भी गंभीर बताई जा रही है।
पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। दुर्घटना में इस्तेमाल की गई इनोवा और थार गाड़ियों को भी जब्त कर लिया गया है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।












