कानपुर में युवती से दुष्कर्म तीन आरोपी नामजद एक गिरफ्तार, जांच जारी
स्टेट ब्यूरो चीफ़ विष्णु रावत
कानपुर कमिश्नरेट के पश्चिमी जोन अंतर्गत बिठूर थाना क्षेत्र में एक युवती के साथ दुष्कर्म का सनसनीखेज मामला सामने आया है। घटना बीती रात की बताई जा रही है, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया। जानकारी के अनुसार, बनारस (वाराणसी) की रहने वाली युवती बिठूर क्षेत्र के मंधना इलाके में किराए पर कमरा तलाश रही थी। इसी दौरान कुछ युवकों ने उसे कमरा दिलाने का झांसा दिया। आरोप है कि इसी बहाने तीन युवकों ने युवती के साथ दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दिया। पुलिस के मुताबिक, मामले में तीन आरोपियों—बिल्लू, निहाल और प्रदुम्मन—के नाम सामने आए हैं। इनमें से एक आरोपी प्रदुम्मन को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश जारी है। पीड़िता की तहरीर के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। साथ ही, युवती को मेडिकल परीक्षण के लिए भेजा गया है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।












