सहारनपुर मे ईद-उल-जुहा को लेकर सहारनपुर पुलिस सतर्क, फतेहपुर क्षेत्र में निकाला फ्लैग मार्च
पवन सूर्यवंशी ब्यूरो चीफ़ ऑल एनसीआर
सहारनपुर। आगामी त्योहार ईद-उल-जुहा को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण एवं सकुशल संपन्न कराने के उद्देश्य से सहारनपुर पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आ रहा है। इसी क्रम में मंगलवार को बेहट उपजिलाधिकारी (एसडीएम), क्षेत्राधिकारी सदर एवं थाना प्रभारी फतेहपुर ने भारी पुलिस बल के साथ क्षेत्र में फ्लैग मार्च निकाला।
फ्लैग मार्च के दौरान पुलिस टीम ने संवेदनशील इलाकों, बाजारों तथा प्रमुख मार्गों पर पैदल भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। पुलिस अधिकारियों ने आमजन को सुरक्षा का भरोसा दिलाते हुए शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने की अपील की। वहीं संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है और पुलिस लगातार गश्त कर रही है। इसके उपरांत क्षेत्र के संभ्रांत नागरिकों, धर्मगुरुओं एवं जनप्रतिनिधियों के साथ पीस कमेटी की बैठक आयोजित की गई। बैठक में आपसी भाईचारा, सामाजिक समरसता और सौहार्द बनाए रखने पर विशेष जोर दिया गया। अधिकारियों ने सभी से त्योहार को प्रेम और शांति के वातावरण में मनाने की अपील की। सहारनपुर पुलिस ने आमजन से सोशल मीडिया पर फैलने वाली भ्रामक एवं अफवाहपूर्ण सूचनाओं से सतर्क रहने की अपील की है। पुलिस का कहना है कि सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर विशेष निगरानी रखी जा रही है तथा अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। किसी भी संदिग्ध गतिविधि या समस्या की सूचना तत्काल स्थानीय पुलिस अथवा डायल 112 पर देने को कहा गया है। जनपद पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे कानून-व्यवस्था बनाए रखने में प्रशासन का सहयोग करें और त्योहार को आपसी प्रेम, भाईचारे एवं शांति के साथ मनाएं।












