सर्व समाज एकता संघ ने पुनः शुरू किया एक माह का “कानूनी जागरूकता अभियान”आमजन को सरल भाषा में दी जाएगी विधिक जानकारी : एडवोकेट आयुष कौशिक
पवन सूर्यवंशी ब्यूरो चीफ़ ऑल एनसीआर
सर्व समाज एकता संघ द्वारा वर्ष 2025 में सफलतापूर्वक संचालित किए गए “कानूनी जागरूकता अभियान” को जनहित में पुनः प्रारंभ करने का निर्णय लिया गया है। संघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं अधिवक्ता आयुष कौशिक ने बताया कि बढ़ती कानूनी जटिलताओं और गलत सलाह के कारण आम नागरिकों को अनेक समस्याओं का सामना करना पड़ता है। इसी को ध्यान में रखते हुए संघ द्वारा एक माह का विशेष कानूनी जागरूकता अभियान दोबारा शुरू किया जा रहा है।उन्होंने कहा कि इस अभियान का मुख्य उद्देश्य समाज के प्रत्येक वर्ग तक कानून से संबंधित सही, स्पष्ट और व्यवहारिक जानकारी पहुंचाना है, ताकि लोग अपने अधिकारों और कर्तव्यों को समझ सकें तथा अनावश्यक मुकदमेबाजी और कानूनी परेशानियों से बच सकें। देशभर में विभिन्न संस्थाओं एवं कानूनी सेवा प्राधिकरणों द्वारा भी समय-समय पर कानूनी जागरूकता अभियान चलाए जाते रहे हैं, जिनका उद्देश्य आम नागरिकों तक न्याय और कानूनी जानकारी की पहुंच बढ़ाना रहा है। अभियान के अंतर्गत प्रतिदिन सोशल मीडिया, जनसंपर्क कार्यक्रमों एवं जागरूकता सामग्री के माध्यम से घरेलू हिंसा, वैवाहिक विवाद, भरण-पोषण, महिला अधिकार, वरिष्ठ नागरिकों के अधिकार, साइबर अपराध, उपभोक्ता अधिकार, श्रम कानून, चेक बाउंस, संपत्ति विवाद तथा अन्य महत्वपूर्ण कानूनी विषयों पर सरल भाषा में जानकारी साझा की जाएगी। इस अवसर पर एडवोकेट आयुष कौशिक ने कहा कि आज भी बड़ी संख्या में लोग कानून की सही जानकारी के अभाव में गलत निर्णय ले लेते हैं, जिससे उन्हें मानसिक, सामाजिक एवं आर्थिक नुकसान उठाना पड़ता है।यही देखते हुए सर्व समाज एकता संघ के माध्यम से समय समय पर ये अभियान चलाया जाता है । यदि समय रहते सही कानूनी सलाह और जानकारी मिल जाए तो अनेक विवादों का समाधान प्रारंभिक स्तर पर ही किया जा सकता है। सर्व समाज एकता संघ ने आम नागरिकों से इस अभियान से जुड़ने, जानकारी साझा करने तथा अधिक से अधिक लोगों तक कानूनी जागरूकता पहुंचाने की अपील की है। संघ का मानना है कि जागरूक नागरिक ही सशक्त समाज और मजबूत राष्ट्र की नींव होते हैं।












