बेमेतरा में अवैध खनिज दोहन पर उठे गंभीर सवाल, जिला खनिज अधिकारी की कार्यशैली पर भी नाराजगी
अवैध उत्खनन की शिकायतों के बीच जिम्मेदार अधिकारी से संपर्क नहीं होने पर पत्रकारों और नागरिकों में असंतोष
जिला संवाददाता ताम्रध्वज साहू
बेमेतरा। जिले में कथित अवैध खनिज उत्खनन और परिवहन को लेकर लगातार सवाल उठ रहे हैं। विभिन्न क्षेत्रों से मिल रही शिकायतों के बावजूद प्रभावी कार्रवाई को लेकर आम नागरिकों और पत्रकारों में चिंता बढ़ती जा रही है। स्थिति यह है कि मामले की जानकारी एवं विभागीय पक्ष जानने के लिए जिला खनिज अधिकारी रोहित साहू से संपर्क करने का प्रयास किया जाता है, लेकिन कई बार फोन रिसीव नहीं होने से पारदर्शिता और जवाबदेही को लेकर प्रश्न खड़े हो रहे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि जिले के विभिन्न क्षेत्रों में खनिज संसाधनों के अवैध दोहन की शिकायतें समय-समय पर सामने आती रही हैं। ऐसे मामलों में विभाग की भूमिका और कार्रवाई की जानकारी प्राप्त करना जनहित का विषय है। पत्रकारों द्वारा तथ्यात्मक जानकारी लेने के लिए संपर्क किए जाने पर भी यदि जिम्मेदार अधिकारी उपलब्ध नहीं रहते, तो इससे जनसंचार और सूचना के अधिकार की भावना प्रभावित होती है।पत्रकारों का कहना है कि प्रशासनिक अधिकारियों का दायित्व केवल कार्रवाई करना ही नहीं, बल्कि जनप्रतिनिधियों, नागरिकों और मीडिया के समक्ष अपनी बात स्पष्ट रूप से रखना भी है। अवैध खनिज गतिविधियों पर विभाग का पक्ष सामने नहीं आने से कई तरह की चर्चाओं को बल मिल रहा है। क्षेत्र के जागरूक नागरिकों ने जिला प्रशासन से मांग की है कि अवैध खनिज उत्खनन एवं परिवहन की शिकायतों की निष्पक्ष जांच कराई जाए तथा संबंधित विभाग जनता और मीडिया के प्रति अधिक जवाबदेह एवं संवेदनशील रवैया अपनाए।
“अवैध खनिज दोहन पर खामोशी क्यों? शिकायतों के बीच जिला खनिज अधिकारी से संपर्क नहीं, जवाबदेही पर उठे सवाल”












