जैथरा में तेज रफ्तार बस ने बाइक सवार को रौंदा
जिला संवाददाता काव्यांश रावत
500 मीटर तक घसीटने से बाइक जलकर राख
एटा। जैथरा थाना क्षेत्र में मंगलवार देर शाम एक भयावह सड़क हादसा हो गया, जिसमें तेज रफ्तार बस ने बाइक सवार युवक को जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि बस बाइक को करीब 500 मीटर तक घसीटती चली गई, लगातार घर्षण से निकली चिंगारियों ने बाइक को आग के हवाले कर दिया। देखते ही देखते मोटरसाइकिल धू-धू कर जलकर राख हो गई। हादसा अंगरैया गांव के पास निर्माणाधीन इंडियन पेट्रोल पंप के समीप हुआ। इस दुर्घटना में बाइक सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल की पहचान लविश पुत्र कैलाश गुप्ता, निवासी मोहल्ला बढ़ियान, जैथरा के रूप में हुई है। वह शादी समारोह से लौटते समय दुर्घटना का शिकार हुआ। राहगीरों ने तुरंत मदद करते हुए घायल युवक को जैथरा सीएचसी पहुंचाया। मौके पर पहुंचे पुलिसकर्मियों ने बाइक में लगी आग को बुझाने में सहयोग किया। थाना प्रभारी रितेश ठाकुर ने बताया कि दुर्घटना में शामिल बस को कब्जे में ले लिया गया है। उन्होंने बताया कि पीड़ित की तहरीर के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
जैथरा थाना क्षेत्र के अंगरैया गांव के समीप हुआ यह भीषण हादसा क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है।












