कांवड़ यात्रा को लेकर एसएसपी ने किया रूट का निरीक्षण
सुरक्षा और सुविधाओं को लेकर दिए सख्त निर्देश
संवाददाता धर्मेंद्र चौहान. एटा: जनपद एटा में कांवड़ यात्रा को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) श्याम नारायण सिंह ने आज प्रमुख कांवड़ मार्गों का निरीक्षण किया। उन्होंने अपने अधीनस्थ अधिकारियों के साथ कोतवाली नगर, कोतवाली देहात एवं थाना अवागढ़ क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले प्रमुख कांवड़ रूटों का दौरा कर मौके की तैयारियों का गहन अवलोकन किया।
निरीक्षण के दौरान एसएसपी ने पुलिस सहायता केंद्र, स्वास्थ्य शिविरों, बैरिकेडिंग, रूट डायवर्जन, चेतावनी और संकेत बोर्डों की स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने कांवड़ यात्रियों की सुरक्षा के दृष्टिगत यातायात व्यवस्था, शुद्ध पेयजल, प्राथमिक चिकित्सा, आपातकालीन सेवाएं और अन्य आवश्यक सुविधाओं की उपलब्धता को सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
एसएसपी ने मौके पर तैनात पुलिसकर्मियों को निर्देशित किया कि वे पूरी सतर्कता और संवेदनशीलता के साथ ड्यूटी करें और यह सुनिश्चित करें कि कांवड़ मार्ग पर किसी प्रकार की बाधा न उत्पन्न हो। साथ ही उन्होंने पुलिस मित्रों, स्वास्थ्य कर्मियों और सेवा शिविर संचालकों से संवाद कर उनकी सेवाओं की सराहना की।
एसएसपी श्याम नारायण सिंह ने कहा कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने आम नागरिकों से भी अपील की कि वे कांवड़ यात्रा के दौरान प्रशासन का सहयोग करें, अफवाहों से बचें और किसी भी प्रकार की अफरा-तफरी की स्थिति पैदा न होने दें।
इस निरीक्षण से जिले में पुलिस और प्रशासनिक तैयारियों को नया बल मिला है और कांवड़ यात्रा को लेकर आमजन में सुरक्षा और सुव्यवस्था का सकारात्मक संदेश गया है।
ये भी पढ़ें एटा जिला जेल में डीजी जेल पी.सी. मीणा का औचक निरीक्षण, जेल प्रशासन में मचा हड़कंप












