ओवरलोडिंग पर सख्ती: सड़क सुरक्षा को लेकर परिवहन विभाग का विशेष अभियान
संवाददाता सायरा सूर्यवंशी एनसीआर
सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने तथा आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से परिवहन विभाग द्वारा ओवरलोडिंग के विरुद्ध विशेष प्रवर्तन अभियान चलाया गया। शासन के निर्देशों के क्रम में यह अभियान जनपद के विभिन्न प्रमुख मार्गों पर प्रभावी रूप से संचालित किया गया। उक्त अभियान का संचालन श्री अमित राजन राय, श्री मनोज कुमार मिश्रा, श्री राजेश्वर कुशवाहा एवं श्री जीत बहादुर सिंह के नेतृत्व में किया गया। प्रवर्तन टीम द्वारा मालवाहक एवं वाणिज्यिक वाहनों की सघन जांच करते हुए नियमों के उल्लंघन पर त्वरित कार्यवाही की गई। अभियान के दौरान निर्धारित क्षमता से अधिक भार वहन कर रहे वाहनों को रोककर उनके विरुद्ध विधिक कार्यवाही की गई। अनेक वाहनों के चालान किए गए तथा गंभीर मामलों में वाहनों को सीज भी किया गया। इसके साथ ही वाहन चालकों को यातायात नियमों एवं सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक किया गया। प्रवर्तन अधिकारियों द्वारा बताया गया कि ओवरलोडिंग से वाहन संतुलन बिगड़ता है, ब्रेकिंग प्रणाली प्रभावित होती है तथा दुर्घटना की आशंका कई गुना बढ़ जाती है। इसे रोकना सड़क सुरक्षा के लिये अत्यंत आवश्यक है। परिवहन विभाग द्वारा स्पष्ट किया गया कि ऐसे विशेष अभियान आगे भी निरन्तर जारी रहेंगे।नियमों की अनदेखी करने वालों के विरुद्ध कठोर दण्डात्मक कार्यवाही की जाएगी। विभाग ने वाहन स्वामियों एवं चालकों से अपील की है कि वे नियमों का पालन करते हुए सुरक्षित यातायात व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करें।












