पटियाली तहसील में भ्रष्टाचार का आरोप, किसान यूनियन का प्रदर्शन
मंडल ब्यूरो अमित चौहान. पटियाली। भारतीय किसान यूनियन स्वराज द्वारा पटियाली तहसील पर प्रदर्शन किया गया। यूनियन ने आरोप लगाया कि तहसील के लेखपाल, कानूनगो और भ्रष्ट अधिकारियों द्वारा लगातार किसानों का उत्पीड़न और धन उगाही की जा रही है।
संगठन ने बताया कि ग्राम पंचायत नरदोली के नगला हंशी का मामला गंभीर है, जहां गरीब किसान उदयवीर पुत्र लखपति की जमीन दूसरे गांव के मृतक उदयवीर के बच्चों के नाम कर दी गई, जबकि जीवित किसान उदयवीर पुत्र लखपति को कागजों में मृतक दिखा दिया गया।
किसान के परिजनों ने जब इस मामले में न्याय की गुहार लगाई तो लेखपाल, तहसीलदार व नायब तहसीलदार ने कानूनगो भूप सिंह को आदेश दिया, लेकिन कानूनगो द्वारा किसान से पैसे मांगे गए। पैसे न देने पर उसका काम रोक दिया गया।
यूनियन पदाधिकारियों का कहना है कि ऐसे सैकड़ों मामले तहसील में देखने को मिल जाएंगे, जहां किसान अधिकारियों के चक्कर लगाते रहते हैं, फिर भी न्याय नहीं मिलता।
भारतीय किसान यूनियन स्वराज ने चेतावनी दी कि अगर किसानों का उत्पीड़न और भ्रष्टाचार नहीं रुका तो संगठन बड़ा आंदोलन करने को बाध्य होगा।
ये भी पढ़ें एटा: औद्योगिक आस्थान विद्युत उपकेंद्र पर हुआ वृक्षारोपण, 50 पौधे रोपे गए












