‘संस्कृति उत्सव—2026’ का भव्य आयोजन, प्रतिभाओं ने बिखेरा सांस्कृतिक रंग
दिव्यांगजनों सहित बच्चों की प्रस्तुतियों ने मोहा मन, बोले नरेन्द्र कश्यप—संस्कृति के साथ विकास की ओर अग्रसर है प्रदेश
संवाददाता: पवन सूर्यवंशी गाजियाबाद। उत्तर प्रदेश पर्व “हमारी संस्कृति—हमारी पहचान” के अंतर्गत जिला प्रशासन एवं जिला पर्यटन एवं संस्कृति परिषद, गाजियाबाद द्वारा ‘संस्कृति उत्सव—2026’ का भव्य आयोजन हिन्दी भवन, लोहिया नगर में किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में श्री नरेन्द्र कश्यप, माननीय राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार), उत्तर प्रदेश सरकार उपस्थित रहे।

कार्यक्रम का शुभारम्भ माननीय मुख्य अतिथि श्री नरेन्द्र कश्यप, मुख्य विकास अधिकारी श्री अभिनव गोपाल, परियोजना निदेशक श्री प्रदीप पांडेय, जिला विकास अधिकारी श्रीमती प्रज्ञा श्रीवास्तवा, बीएसए श्री ओ.पी. यादव सहित अन्य गणमान्य अतिथियों द्वारा दीप प्रज्ज्वलन कर किया गया। आयोजकों द्वारा अतिथियों का पुष्पगुच्छ, पौधा एवं प्रतीक चिन्ह भेंट कर स्वागत एवं सम्मान किया गया।
स्वागत संबोधन में मुख्य विकास अधिकारी श्री अभिनव गोपाल ने कहा कि परंपरागत विधाओं को जीवंत रखने में संस्कृति उत्सव सशक्त माध्यम है। यह आयोजन ग्राम पंचायत एवं ब्लॉक स्तर से प्रारम्भ होकर तहसील सदर, लोनी एवं मोदीनगर में सम्पन्न हुआ, जिनके विजेता कलाकारों ने आज जनपद स्तर पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। गायन, वादन एवं नृत्य विधाओं में लोक संस्कृति, सुगम संगीत, शास्त्रीय एवं उप-शास्त्रीय संगीत को समाहित किया गया, जिससे कलाकार मंडलीय स्तर पर प्रतिस्पर्धा हेतु चयनित होगी।
मुख्य अतिथि श्री नरेन्द्र कश्यप ने अपने संबोधन में कहा कि देश और प्रदेश अपनी समृद्ध संस्कृति को साथ लेकर विकास की दिशा में निरंतर अग्रसर हैं। ऐसे सांस्कृतिक आयोजन यह सिद्ध करते हैं कि जनपद ही नहीं, प्रत्येक तहसील स्तर पर प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक बच्चा किसी न किसी प्रतिभा का धनी होता है।
कार्यक्रम के दौरान यह स्पष्ट रूप से देखने को मिला कि न केवल सामान्य बच्चे, बल्कि दृष्टिहीन, मूक-बधिर एवं अन्य दिव्यांगजन भी देशभक्ति की भावना से ओतप्रोत होकर अपनी अद्भुत प्रतिभा का प्रदर्शन कर रहे हैं। उत्कृष्ट प्रस्तुतियों से भाव-विभोर होते हुए उन्होंने सभी प्रतिभागियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की और 24 जनवरी 2026 को उत्तर प्रदेश दिवस के अवसर पर गाजियाबाद में भव्य आयोजन का विश्वास जताया।
प्रतियोगिता परिणाम:
- सामूहिक लोकनृत्य: कंपोजिट विद्यालय गढ़ी कटैया, लोनी (प्रथम); पीबीएएस इंटर कॉलेज, मोदीनगर (द्वितीय)
- शास्त्रीय समूह नृत्य: अयाना ग्रुप (प्रथम); जैन मती इंटर कॉलेज (द्वितीय)
- एकल नृत्य: उर्वशी (प्रथम); सौम्या (द्वितीय)
- युवा एकल नृत्य: उज्ज्वल (प्रथम)
- एकल लोक नृत्य: शांतनु (प्रथम)
- शास्त्रीय एकल गायन (युवा): रोहन (प्रथम)
- एकल सुगम संगीत (किशोर): मुक्ता (प्रथम); ईहा (द्वितीय)
- एकल लोक गायन (किशोर): खनक (प्रथम); अर्पण (द्वितीय)
- लोक गायन समूह: जेएलएम इंटर कॉलेज, मुरादनगर (प्रथम); पीबीएस (द्वितीय)
- सुगम संगीत सामूहिक गायन: डायमंड इंटर कॉलेज, टीला शाहबाजपुर (प्रथम); एसएस इंटरनेशनल (द्वितीय)
- वाद्य यंत्र: गायत्री (प्रथम); राधिका (द्वितीय)
- युवा वर्ग स्वर/वाद्य: सुहानी (प्रथम); किशोर स्वर-वाद्य में आयुष्मान (प्रथम) एवं अंश (द्वितीय)
कार्यक्रम की सफलता में माध्यमिक शिक्षा विभाग से जूनियर हाई स्कूल कुशलिया की प्रधानाचार्य एवं बेसिक शिक्षा विभाग की एसआरजी पूनम शर्मा का विशेष योगदान रहा। तीनों तहसीलों की नोडल प्रधानाचार्य रुचि शर्मा, निधि शर्मा एवं अनुराधा गॉड ने सफल संचालन किया। संयोजन में आलोक कुमार की विशेष भूमिका रही।
निर्णायक मंडल में डॉ. ज्योति शर्मा, दामिनी भार्गव, डॉ. महेश व्हाइट, डॉ. मुक्त वार्ष्णेय, दामिनी गुप्ता एवं कुमारी हेमलता शामिल रहीं। मंच संचालन पूनम शर्मा द्वारा कुशलतापूर्वक किया गया।
ये भी पढ़ें ए आर टी ओ ने ओवर लोड पिकअप वाहन को किया सीज













