“कलेक्टर बनने का सपना अधूरा रहा… लेकिन छत्तीसगढ़ी फिल्मों की चमकती स्टार बन गईं तिरांजली गोस्वामी”
मिस कांकेर से बड़े पर्दे तक का सफर, 15 एल्बम के बाद फिल्म ‘मोला लव होंगे’ से मचाया धमाल
जिला संवाददाता ताम्रध्वज साहू. छत्तीसगढ़ी फिल्म इंडस्ट्री में तेजी से उभरती अभिनेत्री तिरांजली गोस्वामी आज किसी पहचान की मोहताज नहीं हैं। मासूम मुस्कान, शानदार अभिनय और मॉडलिंग की दुनिया से बड़े पर्दे तक पहुंचने वाली तिरांजली गोस्वामी ने अपने संघर्ष और सपनों की कहानी साझा करते हुए बताया कि उनका सपना कलेक्टर बनने का था, लेकिन किस्मत उन्हें अभिनय की दुनिया में ले आई।
26 अप्रैल 2005 को जन्मी अभिनेत्री तिरांजली गोस्वामी के पिता का नाम सीतेश पुरी गोस्वामी एवं माता का नाम प्रेमलता गोस्वामी है। प्रारंभिक शिक्षा पूरी करने के बाद उन्होंने स्नातक स्तर तक पढ़ाई की। हालांकि पढ़ाई के दौरान उन्हें कठिनाइयों का सामना करना पड़ा, जिसके चलते उन्होंने अभिनय की दुनिया में कदम रखा और आज वे छत्तीसगढ़ी सिनेमा का उभरता चेहरा बन चुकी हैं।

अभिनेत्री ने बताया कि उन्हें बचपन से कलेक्टर बनने की इच्छा थी, लेकिन अब फिल्मों में कलेक्टर की भूमिका निभाने का सपना जरूर पूरा करना चाहती हैं। उनका कहना है कि अभिनय की दुनिया में आने के बाद उन्हें लोगों का अपार प्यार और समर्थन मिला, जिसने उन्हें आगे बढ़ने की ताकत दी।
तिरांजली गोस्वामी को डांस करना, घूमना और स्वादिष्ट भोजन खाना बेहद पसंद है। खाने में उन्हें मशरूम सबसे ज्यादा पसंद है और वे पूरी तरह शुद्ध शाकाहारी हैं। मॉडलिंग के प्रति उनका विशेष लगाव रहा है और इसी जुनून ने उन्हें “मिस कांकेर” का खिताब दिलाया। बड़े पर्दे पर आने से पहले वे 15 एल्बम में अभिनय कर चुकी हैं।
हाल ही में प्रदर्शित छत्तीसगढ़ी फिल्म मोला लव होंगे उनकी पहली बड़ी फिल्म है, जिसे दर्शकों से अच्छा प्यार मिला। अभिनेत्री ने कहा कि वे आगे भी लगातार बेहतर फिल्मों में काम करना चाहती हैं और अपने अभिनय से छत्तीसगढ़ी सिनेमा को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाना चाहती हैं।
सिनेमा प्रेमियों के लिए संदेश देते हुए अभिनेत्री तिरांजली गोस्वामी ने कहा कि छत्तीसगढ़ की जनता अपने कलाकारों और फिल्मों को जिस तरह प्यार देती है, वही उनकी सबसे बड़ी ताकत है। उन्होंने कहा कि “हमारा छत्तीसगढ़ी सिनेमा लगातार आगे बढ़ रहा है और हम दर्शकों के लिए और भी बेहतरीन सिनेमा लेकर आते रहेंगे।”
मीडिया के समर्थन को लेकर अभिनेत्री ने विशेष आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि मीडिया के सहयोग के बिना वे आगे नहीं बढ़ सकती थीं। मीडिया ही उनकी बातों को लोगों तक पहुंचाता है और कलाकारों को पहचान दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।
अपने आगामी प्रोजेक्ट्स को लेकर अभिनेत्री ने कहा कि जल्द ही नई फिल्मों और प्रोजेक्ट्स की जानकारी मीडिया के साथ साझा की जाएगी। उनका सपना है कि वे भविष्य में खुद को और ऊंचाइयों पर देखें, जहां उनके हर सपने को नई पहचान मिल सके।
ये भी पढ़ें एटा:ओवरलोड ट्रकों पर प्रशासन का बड़ा एक्शन, जलेसर में मचा हड़कंप













