शिकोहाबाद रोड पर दर्दनाक हादसा: ट्रक की चपेट में आने से युवक की मौके पर मौत
जिला संवाददाता काव्यांश रावत
एटा। कोतवाली नगर क्षेत्र अंतर्गत शिकोहाबाद रोड पर शुक्रवार को एक भीषण सड़क हादसे में पैदल जा रहे युवक की तेज रफ्तार ट्रक की चपेट में आने से दर्दनाक मौत हो गई। हादसा इतना भयावह था कि युवक ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। प्राप्त जानकारी के अनुसार, शिकोहाबाद रोड पर पैदल जा रहे हाजीपुरा निवासी सोनू पुत्र राजेंद्र को एक तेज रफ्तार ट्रक ने कुचल दिया। मृतक सोनू स्थानीय स्तर पर चाय की दुकान चलाकर अपने परिवार का भरण-पोषण करता था। दुर्घटना की सूचना मिलते ही आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई। घटना की जानकारी पाकर कोतवाली नगर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम गृह भेज दिया। वहीं, युवक की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया और घर में मातम छा गया।
पुलिस द्वारा मामले की जांच की जा रही है तथा ट्रक चालक की तलाश के प्रयास किए जा रहे हैं। शिकोहाबाद रोड पर आए दिन हो रही तेज रफ्तार वाहनों की आवाजाही से स्थानीय लोगों में रोष भी देखने को मिल रहा है।












