ट्रक चालक ने पुलिसकर्मी पर किया हमला, आरोपी गिरफ्तार।
संवाददाता विनय कुमार मिश्रा प्रतापगढ़।
थाना कोतवाली नगर क्षेत्र के चिलबिला पावर हाउस तिराहे पर 30 अप्रैल 2026 को वाहन चेकिंग एवं यातायात व्यवस्था के दौरान एक विवाद हिंसक रूप ले बैठा। रॉन्ग साइड में ट्रक खड़ा करने पर टोकने से नाराज ट्रक चालक हरप्रीत सिंह ने आरक्षी अरुण मौर्य पर धारदार हथियार से हमला कर दिया, जिससे उनके हाथ में हल्की चोट आई। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया, जिसे बाद में पुलिस ने पहचान कर हिरासत में ले लिया। सूचना मिलते ही वरिष्ठ अधिकारियों ने तत्काल संज्ञान लिया। पुलिस अधीक्षक दीपक भूकर मौके पर पहुंचे और घायल आरक्षी का हालचाल जाना। उन्होंने जिला चिकित्सालय में चल रहे उपचार का निरीक्षण कर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए। घायल आरक्षी की हालत फिलहाल सामान्य बताई जा रही है।












