नवजात की मौत के बाद निजी नर्सिंग होम में हंगामा, परिजनों ने लगाया लापरवाही का आरोप

नवजात की मौत के बाद निजी नर्सिंग होम में हंगामा, परिजनों ने लगाया लापरवाही का आरोप

संवाददाता विनय कुमार मिश्रा प्रतापगढ़।

नगर कोतवाली क्षेत्र स्थित हिंद नर्सिंग होम में रविवार सुबह एक नवजात शिशु की मौत के बाद परिजनों ने जमकर हंगामा किया। परिजनों ने अस्पताल प्रशासन पर लापरवाही, जानकारी छिपाने और मारपीट का आरोप लगाया है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित करते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, नगर क्षेत्र निवासी नीरज गुप्ता अपनी पत्नी ममता गुप्ता को शनिवार देर शाम डिलीवरी के लिए हिंद नर्सिंग होम लेकर पहुंचे थे। परिजनों का कहना है कि चिकित्सक ने जांच के बाद प्रसव का समय पूरा होने की बात कहते हुए महिला को तत्काल भर्ती कर लिया था। रातभर अस्पताल में उपचार चलता रहा। रविवार सुबह प्रसव के बाद नवजात शिशु की मौत हो गई। बच्चे की मौत की सूचना मिलते ही परिजनों में आक्रोश फैल गया। उनका आरोप है कि अस्पताल प्रशासन ने बच्चे की स्थिति के संबंध में कोई स्पष्ट जानकारी नहीं दी और घटना के समय डॉक्टर भी मौजूद नहीं थे। परिजनों का कहना है कि जब उन्होंने अस्पताल परिसर में वीडियो बनाना शुरू किया तो अस्पताल कर्मियों ने इसका विरोध किया। आरोप है कि इसी दौरान कहासुनी बढ़ गई और कुछ कर्मचारियों ने परिजनों के साथ धक्का-मुक्की तथा मारपीट की, जिसमें दो लोग घायल हो गए। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों से पूछताछ की। पुलिस का कहना है कि मामले में तहरीर मिलने के बाद विधिक कार्रवाई की जाएगी।
इस घटना के बाद जिले में निजी अस्पतालों की कार्यप्रणाली और स्वास्थ्य सेवाओं की निगरानी को लेकर एक बार फिर सवाल उठने लगे हैं। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

और पढ़ें

Cricket Live Score

Corona Virus

Rashifal

और पढ़ें