जमीनी विवाद में पीट-पीटकर महिला की हत्या, इलाके में मचा हड़कंप
मंडल संवाददाता अमित चौहान
मैनपुरी। जनपद मैनपुरी के भोगांव थाना क्षेत्र में रविवार को जमीनी विवाद को लेकर हुई मारपीट की घटना ने सनसनी फैला दी। दबंगों द्वारा एक महिला को बेरहमी से पीटे जाने के बाद उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना के बाद से पूरे इलाके में दहशत का माहौल है। मिली जानकारी के अनुसार, भोगांव थाना क्षेत्र के एक गाँव में जमीन के विवाद को लेकर दो पक्षों में लंबे
समय से तनातनी चल रही थी। रविवार की सुबह विवाद अचानक बढ़ गया, जिसके बाद अजीत, नीलू, मोनू सहित उनके परिवार के अन्य सदस्यों ने महिला रागनी पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। बताया जाता है कि महिला को बुरी तरह से पीटा गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। परिजन आनन-फानन में रागनी को जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहाँ चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। महिला की मौत की खबर फैलते ही गाँव में कोहराम मच गया। परिजनों ने आरोप लगाया कि उन्होंने कई बार पुलिस से सुरक्षा की गुहार लगाई थी, लेकिन पुलिस ने कोई ठोस कदम नहीं उठाया। मृतका के भाई ने थाने में दी गई तहरीर में पुलिस की निष्क्रियता पर गंभीर सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा कि अगर पुलिस समय रहते कार्रवाई करती, तो आज उसकी बहन जिंदा होती। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। एसपी मैनपुरी ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया और पूरे मामले की गहन जांच के निर्देश दिए। साथ ही सभी आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी के आदेश भी जारी किए गए हैं। पुलिस ने मृतका के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं, क्षेत्र में तनाव को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। ग्रामीणों में आक्रोश व्याप्त है और वे आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि जमीन को लेकर दोनों पक्षों में लंबे समय से विवाद चल रहा था। कई बार पंचायत भी बुलाई गई, मगर समाधान नहीं निकला। रविवार को विवाद ने हिंसक रूप ले लिया, जिसमें एक निर्दोष महिला की जान चली गई।
फिलहाल पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है और आरोपियों की तलाश में दबिशें दी जा रही हैं।












