मजदूर दिवस पर महिला कल्याण संगठन का भव्य आयोजन, श्रमिकों को किया सम्मानित
रिपोर्ट: जय भगवान बघेल | मथुरा (उत्तर प्रदेश)
आगरा मंडल में महिला कल्याण संगठन द्वारा मजदूर दिवस के अवसर पर एक गरिमामय कार्यक्रम का आयोजन रेलवे ऑफिसर्स क्लब में किया गया। कार्यक्रम में रेलवे के विभिन्न विभागों से नामित समूह-डी कर्मचारियों के साथ-साथ सांस्कृतिक समिति की महिलाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम का शुभारंभ महिला कल्याण संगठन की अध्यक्षा श्रीमती ईशानी गोयल द्वारा दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। इस अवसर पर उन्होंने मजदूर वर्ग के महत्वपूर्ण योगदान पर प्रकाश डालते हुए उनके सशक्तिकरण और कार्यकुशलता बढ़ाने पर जोर दिया। कार्यक्रम के दौरान विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियां आयोजित की गईं, जिनमें गीत, नाटक और नृत्य के माध्यम से श्रमिकों को जागरूक करने का प्रयास किया गया। सभी नामित कर्मचारियों को सम्मान स्वरूप उपहार प्रदान कर उनका मनोबल बढ़ाया गया। इस अवसर पर संगठन की सचिव श्रीमती मोनिका, कोषाध्यक्ष डॉ. ममता मीना, संयुक्त सचिव श्रीमती रीना बघेला तथा वरिष्ठ सदस्य श्रीमती रेनु प्रसाद, श्रीमती स्नेहा कुमारी, श्रीमती अपूर्वा यादव, श्रीमती सविता त्रिपाठी, श्रीमती लता मेघवाल और अस्मिता अग्रहरी सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहीं।
कार्यक्रम के सफल आयोजन में कल्याण निरीक्षक श्री राजेश कुमार का विशेष योगदान रहा। मजदूर दिवस के इस आयोजन में सभी श्रमिकों ने पूरे उत्साह और हर्षोल्लास के साथ भाग लिया तथा महिला कल्याण संगठन, उत्तर मध्य रेलवे आगरा का आभार व्यक्त किया।












