वाराणसी में दर्दनाक हादसा: बारावफात की सजावट के दौरान करंट लगने से पिता-पुत्र की मौत
उत्तर प्रदेश ग्राउंड रिपोर्टर
रवि विश्वकर्मा,
वाराणसी: सिगरा थाना क्षेत्र के काजीपुर खुर्द लल्लापुरा में मंगलवार सुबह एक दुखद घटना सामने आई, जहां बारावफात के पर्व की तैयारियों और सजावट के दौरान करंट की चपेट में आने से पिता और पुत्र दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।
सजावट के दौरान हादसा
स्थानीय पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, काजीपुर खुर्द के रहने वाले 17 वर्षीय अनस पुत्र सलीमुद्दीन (उर्फ पप्पू) मंगलवार सुबह करीब 8:00 बजे अपने घर के सामने बारावफात के अवसर पर सजावट कर रहा था। इसी दौरान वह अचानक बिजली के करंट की चपेट में आ गया।
बेटे को बचाने में पिता ने भी गंवाई जान
बेटे को तड़पता देख 45 वर्षीय पिता सलीमुद्दीन उर्फ पप्पू तुरंत उसे बचाने के लिए दौड़े, लेकिन वह भी तेज करंट की चपेट में आ गए। हादसे की विभीषिका इतनी भयानक थी कि दोनों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
पुलिस कार्रवाई
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय सिगरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने दोनों शवों को अपने कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी और विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। इस हादसे के बाद से इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है।












