प्रतापगढ़संग्रामगढ़ थाना क्षेत्र मे संदिग्ध हालात में महिला का शव मिलने से सनसनी
जिला संवाददाता अमित शुक्ला
संग्रामगढ़ थाना क्षेत्र के गोंदाही गांव के समीप शारदा सहायक नहर (जल शाखा) में मंगलवार दोपहर एक अज्ञात महिला का शव तैरता हुआ मिलने से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। राहगीरों की सूचना पर मौके पर पहुंचे थाना अध्यक्ष मनोज तोमर ने पुलिस टीम के साथ शव को नहर से बाहर निकलवाया। आसपास मौजूद लोगों से पहचान कराने की कोशिश की गई, लेकिन महिला की शिनाख्त नहीं हो सकी। बताया जा रहा है कि मृतका की उम्र लगभग 22 से 25 वर्ष के बीच है। वह पीले रंग का सूट-सलवार पहने हुई थी। महिला का चेहरा सूजा हुआ था और मुंह से खून निकल रहा था, जिससे प्रथम दृष्टया मारपीट की आशंका जताई जा रही है।पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच में जुट गई है।
यदि किसी को महिला के बारे में कोई जानकारी हो तो कृपया नजदीकी पुलिस स्टेशन को सूचित करें।












