मारहरा से लापता युवक का शव कासगंज में आम के पेड़ से लटका मिला, परिजनों ने लगाया हत्या का आरोप
संवाददाता – योगेन्द्र सिंह एटा। मारहरा कस्बे से सोमवार सुबह लापता हुए युवक का शव मंगलवार सुबह कासगंज जिले के बढ़ारी वैश्य क्षेत्र में आगरा-बरेली हाईवे के पास एक बाग में आम के पेड़ से लटका मिला। शव मिलने की सूचना से इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना पर कासगंज और मारहरा पुलिस मौके पर पहुंची। फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य एकत्र किए। इसके बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मृतक की पहचान रोहित के रूप में हुई है। वह मारहरा कस्बे के मोहल्ला चोबदार निवासी स्वर्गीय महाराज सिंह के पुत्र थे और एमजीएचएम इंटर कॉलेज में इंटरमीडिएट के छात्र थे। परिजनों के मुताबिक, सोमवार सुबह रोहित घर से निकले थे, लेकिन देर शाम तक वापस नहीं लौटे। काफी तलाश करने के बाद उनकी मां ने थाने पहुंचकर गुमशुदगी दर्ज कराई थी।
परिजनों ने बताया कि रोहित का पड़ोस की एक युवती से प्रेम प्रसंग चल रहा था। इसी को लेकर युवती के परिजनों पर रोहित की हत्या कर शव पेड़ से लटकाने का आरोप लगाया है। हालांकि, प्रेम प्रसंग और हत्या से जुड़े आरोपों की पुलिस ने अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।
पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और घटनास्थल से जुटाए गए साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।












