रुद्रपुर में विवाहिता ने फांसी लगाकर दी जान: मायके पक्ष ने पति पर लगाया प्रताड़ना का आरोप, पुलिस जांच में जुटी
संवाददाता: अश्विनी कुमार
हाथरस। हाथरस जंक्शन क्षेत्र के गांव रुद्रपुर में रविवार की शाम एक विवाहिता ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना से गांव में सनसनी फैल गई। मृतका के मायके पक्ष ने पति पर प्रताड़ित करने और मारपीट करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार, मृतका पूजा (27) की शादी लगभग दस साल पहले रुद्रपुर निवासी शिवकुमार के साथ हुई थी। मायके वालों का कहना है कि शादी के बाद से ही पति-पत्नी के बीच अक्सर विवाद होता था। आरोप है कि शिवकुमार पूजा से आए दिन झगड़ा करता था और उसे मानसिक रूप से प्रताड़ित करता था। परिजनों के मुताबिक, शनिवार को भी पति-पत्नी के बीच झगड़ा हुआ था, जिसके बाद शिवकुमार रात में कमरे में नहीं सोया। अगले दिन सुबह पूजा के कमरे का दरवाजा काफी देर तक नहीं खुला तो परिवार वालों को शक हुआ। दरवाजा तोड़ने पर पूजा का शव फंदे से लटका मिला।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
सीओ सिकंदराराऊ जे.एन. अस्थाना ने बताया कि मृतका के पिता की तहरीर पर मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद स्थिति स्पष्ट होगी।












