एटा में नीलगाय से टकराई बाइक, महिला की मौत: भतीजा गंभीर घायल; हादसा लाखापुर नहर के पास
संवाददाता: मुकेश कुमार
एटा के मलावन थाना क्षेत्र में सोमवार देर शाम हुए सड़क हादसे में 40 वर्षीय महिला की मौत हो गई, जबकि उसका भतीजा गंभीर रूप से घायल हो गया। कुंवरपुर नगरिया निवासी विनीता पत्नी सत्यवान सिंह अपने भतीजे हर्षित के साथ बा
इक से गोला कुआं से गांव लौट रही थीं। रास्ते में लाखापुर नहर के पास अचानक सड़क पर नीलगाय आ गई, जिससे उनकी बाइक सीधे उससे टकरा गई।टक्कर इतनी तेज थी कि विनीता बाइक से गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गईं और मौके पर ही दम तोड़ दिया। हर्षित भी गंभीर अवस्था में सड़क पर पड़ा मिला। राहगीरों ने घटना की जानकारी मलावन थाना पुलिस को दी। पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और दोनों को वीरांगना अवंती बाई मेडिकल कॉलेज, एटा के इमरजेंसी वार्ड में भर्ती कराया, जहां डॉक्टरों ने विनीता को मृत घोषित कर दिया। मलावन थाना प्रभारी रोहित राठी ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। क्षतिग्रस्त बाइक को कब्जे में लेते हुए घटनास्थल का निरीक्षण किया गया। महिला के शव का पंचनामा भरकर पोस्टमॉर्टम के लिए जिला मुख्यालय भेजा गया है। मामले की जांच जारी है।
मृतका के देवर जितेंद्र ने बताया कि विनीता अपने भतीजे के साथ किसी काम से गोला कुआं गई थीं। लौटते समय यह दर्दनाक दुर्घटना हो गई।












