बेटी के अपहरण विवाद में दलित युवक को गोली मारकर फरार हुए हमलावर
सवाददाता-अश्वनी कुमार
हाथरस।
हाथरस गेट कोतवाली क्षेत्र के गांव टुकसान के पास शनिवार शाम उस समय सनसनी फैल गई, जब बाइक से घर लौट रहे एक दलित व्यक्ति को हमलावरों ने गोली मार दी। बाजू में गोली लगने से वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज जारी है। घटना शनिवार शाम लगभग 7:30 बजे की है। गांव टुकसान निवासी 48 वर्षीय राजपाल सिंह पुत्र सोरन सिंह अपने भाई शिव कुमार के साथ बाइक से गांव लौट रहे थे। तभी दो बाइकों पर सवार करीब पाँच हमलावरों ने उन्हें घेर लिया और निशाना बनाते हुए गोली चला दी। गोली राजपाल की बाजू में लगी, जिससे वे सड़क पर गिरकर घायल हो गए। वारदात के बाद हमलावर मौके से फरार हो गए। सूचना मिलते ही सिटी सीओ योगेंद्र कृष्ण नारायण पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घटना का मुआयना किया। पुलिस ने घायल और परिजनों से पूछताछ भी की। परिजनों के अनुसार, लगभग 15 दिन पहले गांव का ही एक युवक राजपाल की बालिग बेटी को जबरन अपने साथ ले गया था। बेटी की गुमशुदगी और कथित अपहरण की शिकायत पुलिस में दर्ज कराई गई थी, लेकिन अब तक वह बरामद नहीं हुई है। परिवार का आरोप है कि वही पुराना विवाद इस हमले की वजह बना है। परिजनों का कहना है कि आरोपी युवक दीपक और उसके साथियों ने इसी रंजिश के चलते राजपाल को निशाना बनाया। परिवार ने हमलावरों को दबंग प्रवृत्ति का बताया है।
पुलिस मामले की जांच में जुटी है और हमलावरों की तलाश की जा रही है।












