गीता जयंती प्रदर्शनी में उमड़ा जनसैलाब: मंत्री कृष्ण लाल पंवार ने स्टॉलों का किया निरीक्षण, रेडक्रॉस सहित विभिन्न विभागों की पहल की सराहना
जिला क्राइम रिपोर्टर
सागर गोयल पानीपत, हरियाणा
गीता जयंती के अवसर पर आर्य पीजी कॉलेज प्रांगण में आयोजित भव्य प्रदर्शनी ने शुक्रवार को लोगों का खूब ध्यान आकर्षित किया। हरियाणा सरकार के पंचायत एवं खनन मंत्री कृष्ण लाल पंवार ने प्रदर्शनी का भ्रमण किया और विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों की विस्तार से जानकारी ली। मंत्री ने विद्यार्थियों, विभागीय टीमों और आयोजकों की रचनात्मकता की प्रशंसा करते हुए इसे ज्ञान और नवाचार का सुंदर संगम बताया।
रेडक्रॉस के स्टॉल ने खींचा ध्यान
मंत्री पंवार ने सबसे पहले रेडक्रॉस सोसाइटी के स्टॉल का निरीक्षण किया। प्रोजेक्ट मैनेजर सुदेश, कला भारद्वाज और गुरप्रीत कौर ने बताया कि संस्था “सेवा परमो धर्म” की भावना से समाज के अंतिम व्यक्ति तक सहायता पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है।
उन्होंने नशा मुक्ति शिविर, रक्तदान शिविर, आपदा प्रबंधन प्रशिक्षण, दिव्यांगजन पुनर्वास और जरूरतमंद परिवारों को आपातकालीन सहायता जैसी प्रमुख सेवाओं की जानकारी दी।
मंत्री पंवार ने रेडक्रॉस द्वारा किए जा रहे सामाजिक कार्यों को प्रेरणादायक बताते हुए इसकी सराहना की।
कृषि विभाग के उन्नत ड्रोन ने बढ़ाई तकनीकी चमक
कृषि एवं किसान कल्याण विभाग के स्टॉल पर मंत्री पंवार ने 5 मिनट में एक एकड़ में स्प्रे करने वाले आधुनिक कृषि ड्रोन की तकनीक को समझा।सहायक कार्यकारी अभियंता सुधीर ने विभाग द्वारा किसानों के लिए चलाई जा रही कल्याणकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी।
महिला एवं बाल विकास विभाग, वन विभाग और डाडोला सेंटर भी रहे आकर्षण का केंद्र
महिला एवं बाल विकास विभाग के स्टॉल पर मंत्री ने महिलाओं से केंद्र व राज्य सरकार की योजनाओं की जानकारी ली।
वन विभाग के अमित ने बताया कि इस वर्ष जिले में 3 लाख 47 हजार से अधिक पौधे लगाए गए, जिसे मंत्री ने पर्यावरण संरक्षण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया। डाडोला सेंटर के स्टॉल पर धूप, अगरबत्ती और अन्य स्वदेशी उत्पादों को मंत्री पंवार ने सराहा।
डॉ. किशन की टीम ने उन्हें स्वदेशी उत्पादों के लाभों से अवगत कराया, जिस पर मंत्री ने वोकल फॉर लोकल को अपनाने का संदेश दिया।
रंगोली और पराली से बना सेल्फी प्वाइंट बना आकर्षण
मुख्य द्वार पर प्रदर्शित रंगोली और पराली से तैयार किए गए सेल्फी प्वाइंट ने आगंतुकों का खूब ध्यान खींचा।
मंत्री पंवार ने इन रचनात्मक प्रस्तुतियों की सराहना करते हुए यहां फोटो भी खिंचवाया।
अधिकारी रहे उपस्थित
इस अवसर पर एसडीएम मनदीप कुमार, डीईओ राकेश बूरा, मास्टर मुकेश, डीपीआरओ डॉ. सुनील बसताडा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।












