जैथरा में भूसे के ढेर ने ली महिला की जान: चारा निकालते समय दबकर 45 वर्षीय मीना की दर्दनाक मौत।
संवादाता अमन अहमद।
एटा जनपद के जैथरा नगर स्थित मोहल्ला सूर्य नगर में सोमवार सुबह एक दर्दनाक हादसा हो गया, जिसमें भूसे का ढेर गिरने से 45 वर्षीय महिला मीना की मौत हो गई। मीना, जो ओम सागर की पत्नी थीं, सुबह लगभग 8 बजे भैंस के लिए चारा निकाल रही थीं। इसी दौरान अचानक बड़ा भूसे का ढेर उन पर गिर पड़ा, जिससे वह पूरी तरह दब गईं। करीब दो घंटे तक मीना घरवालों को दिखाई नहीं दीं तो परिवार ने उन्हें ढूंढना शुरू किया। खोजबीन के दौरान उनकी बेटी अंजलि को भूसा फैला हुआ नजर आया। शक होने पर उसने भूसा हटाना शुरू किया, जहां उसे अपनी मां दबे हुए मिलीं। चीख सुनकर पड़ोसी भी मौके पर पहुंचे और सभी ने मिलकर उन्हें बाहर निकाला, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। घटना की खबर फैलते ही परिवार में कोहराम मच गया। मृतका के पति ओम सागर दूसरे प्रदेश में मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण करते हैं। सूचना मिलते ही नगर के पूर्व चेयरमैन विजेंद्र सिंह चौहान घटनास्थल पर पहुंचे और पुलिस को मामले की जानकारी दी।
थाना प्रभारी रितेश ठाकुर पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरवाया और पोस्टमॉर्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया। मृतका के जेठ रमेश चंद्र ने बताया कि मीना रोज की तरह चारा निकाल रही थीं, तभी यह हादसा हो गया। पुलिस ने मामले की पुष्टि कर जांच शुरू कर दी है।












