मैनपुरी में सौ साल पुराने श्मशान पर कब्जे का प्रयास, ग्रामीणों ने रोकवाया; रिटायर्ड फौजी पर आरोप
संवाद दाता:पंकज मिश्रा
मैनपुरी। थाना दन्नाहार क्षेत्र के ग्राम कासगंज डूडीवड़ी में सौ साल पुराने श्मशान की भूमि पर कब्जे की कोशिश से हड़कंप मच गया। ग्रामीणों ने आरोप लगाया है कि गांव के ही एक रिटायर्ड फौजी द्वारा श्मशान की जगह पर अवैध निर्माण कर कब्जा करने का प्रयास किया गया। ग्रामीणों के अनुसार, मामले की शिकायत पर लेखपाल द्वारा तीन बार मौके पर पहुंचकर पैमाइश की गई, जिसमें भूमि श्मशान की ही पाई गई। इसके बावजूद रिटायर्ड फौजी ने जमीन पर कब्जा करने की कोशिश जारी रखी। सोमवार को जब वह फिर से निर्माण सामग्री डालने लगा तो ग्रामीणों ने विरोध करते हुए पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और कब्जे की कोशिश को रुकवाया। ग्रामीणों ने बताया कि यह श्मशान स्थल लगभग सौ वर्ष पुराना है और पूरे गांव की आस्था से जुड़ा हुआ है। उनका कहना है कि इस जमीन पर किसी भी प्रकार का अतिक्रमण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
ग्रामीणों ने प्रशासन से मामले में कठोर कार्रवाई की मांग की है ताकि भविष्य में कोई भी व्यक्ति सार्वजनिक और धार्मिक स्थानों पर कब्जा करने की हिम्मत न कर सके। पुलिस ने ग्रामीणों को आश्वासन दिया है कि मामले की जांच कर उचित कार्रवाई की जाएगी।












