प्रतापगढ़ पुलिस की बड़ी उपलब्धि: डायल-112 ने नवंबर में हासिल किया प्रदेश में टॉप-10 रैंक
जिला संवाददाता
अवधेश चंद्र पांडेय
प्रतापगढ़। जनपद प्रतापगढ़ में डायल-112 टीम ने नवंबर माह के दौरान त्वरित कार्रवाई,बेहतर रिस्पॉन्स टाइम और संवेदनशील सेवा भाव के चलते उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की है। पुलिस अधीक्षक प्रतापगढ़ दीपक भूकर के सतत निर्देशन में जिले की डायल-112 यूनिट ने प्रदेश की जिला रैंकिंग में दसवां (टॉप-10) स्थान प्राप्त किया है।
एसपी द्वारा लगातार दिए गए निर्देशों के अनुसार डायल-112 पर प्राप्त प्रत्येक सूचना पर पीआरवी टीमों ने तत्काल मौके पर पहुंच कर पीड़ितों की सहायता की और त्वरित निस्तारण सुनिश्चित किया।
राज्य स्तरीय जिला रैंकिंग में प्रतापगढ़ जिले ने नवंबर 2025 में दसवां स्थान हासिल कर बेहतर सतर्कता,टीमवर्क और कुशल प्रतिक्रिया प्रणाली का परिचय दिया। सड़क दुर्घटनाओं में त्वरित मदद के लिए पीआरवी कर्मियों ने मौके पर पहुंचकर एम्बुलेंस की मदद से घायलों को तत्काल उपचार हेतु नजदीकी अस्पताल पहुंचाया।
डायल 112 का नवंबर माह में शहरी क्षेत्र और ग्रामीण क्षेत्र औसत रिस्पॉन्स टाइम: 05:23 मिनट है।
अधिकतम रिस्पॉन्स टाइम वाली घटनाएं बहुत कम रहीं, जिनका मुख्य कारण दूरस्थ क्षेत्र थे।
प्रतापगढ़ पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जनसुरक्षा, शांति व्यवस्था व सहायता प्रदान करना हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। डायल-112 की सेवाएं 24×7 निर्बाध रूप से जारी हैं और भविष्य में और बेहतर सेवा देने के लिए सभी इकाइयाँ प्रतिबद्ध हैं।












