हाथरस में युवक को चाय में जहर देने का आरोप: पत्नी और उसके परिजनों पर शक, हालत गंभीर
सावंददाता- अश्वनी कुमार
हाथरस जंक्शन कोतवाली क्षेत्र के वीर नगर गांव में एक युवक को चाय में जहर दिए जाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। 28 वर्षीय राहुल पुत्र महेंद्र पाल को अचेत अवस्था में सड़क किनारे पड़ा मिलने के बाद गंभीर हालत में जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका उपचार जारी है। परिजनों के अनुसार, शुक्रवार सुबह राहुल को उसकी पत्नी ने गांव में बुलाया था। कुछ देर बाद वह गांव के बाहर बेहोशी की हालत में पड़ा मिला। आरोप है कि राहुल की पत्नी ने चाय में जहर मिलाकर उसे पिला दिया, जिसके बाद उसकी तबीयत अचानक बिगड़ गई।
आठ माह पहले की थी प्रेम विवाह
परिवार ने बताया कि राहुल ने लगभग आठ महीने पहले गंगौली गांव की एक युवती से प्रेम विवाह किया था। शादी के कुछ समय बाद से ही पत्नी अपने मायके में रह रही थी। परिजनों का दावा है कि हाल ही में पत्नी के किसी अन्य युवक से अवैध संबंध होने की जानकारी मिली थी।
पत्नी, ससुरालियों और युवक पर साजिश का आरोप
राहुल के परिवार का कहना है कि उसकी पत्नी, उसके मायके पक्ष के कुछ लोगों और उस कथित युवक ने मिलकर राहुल को चाय में जहर दिया। इस साजिश के तहत ही उसे बुलाया गया था।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों के अनुसार, मामले की सभी बिंदुओं पर जांच की जा रही है और मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।












