एटा नगला परम में पशु तबेले में भीषण आग: एक की मौत, चार झुलसे, किसानों में दहशत।
संवादाता अमन अहमद। एटा जिले के जसरथपुर थाना क्षेत्र के नगला परम गांव में गुरुवार देर रात एक पशु तबेले में लगी भीषण आग ने ग्रामीणों में दहशत फैला दी। इस हादसे में एक पशु की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि चार अन्य गंभीर रूप से झुलस गए। आग लगने का कारण फिलहाल स्पष्ट नहीं हो सका है, लेकिन अचानक भड़की लपटों ने कुछ ही मिनटों में पूरे तबेले को अपनी चपेट में ले लिया।
किसान सुधीर पुत्र सतपाल की माने तो आग में उनका लाखों रुपये का नुकसान हुआ है। तबेले में रखे पांचों पशु करीब 90 प्रतिशत तक झुलस गए। आग की तीव्रता और उठते धुएं को देखकर गांव वाले मौके पर दौड़े और किसी तरह आग बुझाने का प्रयास किया, साथ ही तुरंत अग्निशमन विभाग को सूचना दी।
सूचना पर पहुंचे थाना प्रभारी विजय सिंह और दमकल दल ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर नियंत्रण पाया। थाना प्रभारी ने बताया कि एक पशु की मौत की पुष्टि हो चुकी है, जबकि चार पशुओं का उपचार जारी है। फायरकर्मी अर्जुन सिंह के नेतृत्व में टीम ने रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया, जिसमें कृष्ण कुमार, अमित कुमार, सुरेश चंद्र त्यागी और उमेश कुमार शामिल रहे।
घटना ने क्षेत्र के किसानों में चिंता बढ़ा दी है। पुलिस आग लगने के कारणों की जांच कर रही है।
ये भी पढ़ें एटा में परीक्षा व्यवस्था फेल: छात्रों को नहीं मिले प्रश्न पत्र, ब्लैकबोर्ड पर उतरवाए गए सवाल।












