एटा में नकली कोडीन सिरप की बड़ी खेप पकड़ी गई, रिटायर्ड फौजी समेत 4 गिरफ्तार, 50 लाख का माल जब्त

एटा में नकली कोडीन सिरप की बड़ी खेप पकड़ी गई, रिटायर्ड फौजी समेत 4 गिरफ्तार, 50 लाख का माल जब्त

संवाददाता: धर्मेंद्र चौहान

एटा। आगरा एंटी नार्कोटिक्स टीम और अलीगंज थाना पुलिस ने रविवार देर रात संयुक्त कार्रवाई करते हुए नकली कोडीन कफ सिरप के अवैध कारोबार का बड़ा खुलासा किया है। अलीगंज थाना क्षेत्र के नगला बनी स्थित एक तंबाकू गोदाम से 47 पेटी नकली कोडीन सिरप बरामद की गई है, जिसकी बाजार कीमत करीब 50 लाख रुपये बताई जा रही है। पुलिस ने मौके से एक रिटायर्ड फौजी सहित चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। बरामद सिरप बद्दी की कंपनी ‘विंग्स’ के नाम से तैयार किया गया बताया जा रहा है। जांच के दौरान सिरप के रैपर पर मौजूद बैच नंबर खुरचे हुए पाए गए, जिससे इसके नकली होने की पुष्टि हुई है। पुलिस ने पूरी खेप को सील कर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

अंतरराष्ट्रीय सिंडिकेट से जुड़े तार

नार्कोटिक्स विभाग इस खेप के तार बनारस के दवा कारोबारी और अंतरराष्ट्रीय ड्रग सिंडिकेट से जुड़े आरोपी शुभम जायसवाल से जोड़कर देख रहा है। मुखबिर की सूचना और प्रदेशभर में हालिया कार्रवाइयों के इनपुट के आधार पर तंबाकू गोदाम में छापेमारी की गई थी।

चार आरोपी गिरफ्तार

पुलिस ने इस मामले में जितेंद्र यादव, जितेंद्र शाक्य, प्रमोद शाक्य और रिटायर्ड फौजी पंजाब सिंह को गिरफ्तार किया है। सभी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट समेत संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की जांच की जा रही है।

कई राज्यों तक फैला नेटवर्क

जांच में सामने आया है कि नकली कोडीन सिरप का यह अवैध नेटवर्क मध्यप्रदेश, बिहार, उत्तर प्रदेश, झारखंड और पश्चिम बंगाल तक फैला हुआ है। कफ सिरप कांड के बाद प्रदेश की सियासत भी गरमा गई है। मुख्य आरोपी शुभम जायसवाल के खिलाफ लुकआउट सर्कुलर जारी किया गया है, जबकि उसके पिता को पुलिस पहले ही कोलकाता से गिरफ्तार कर चुकी है। शुभम जायसवाल फिलहाल फरार है।

इन अफसरों के नेतृत्व में हुई कार्रवाई

यह संयुक्त कार्रवाई नार्कोटिक्स के पुलिस उपाधीक्षक उमेश पवार, अलीगंज क्षेत्राधिकारी नीतीश गर्ग और नार्कोटिक्स इंस्पेक्टर हरविंद्र मिश्रा के नेतृत्व में की गई। टीम में एंटी नार्कोटिक्स आगरा के एसआई गौरव शर्मा, हेड कांस्टेबल सुधीर कुमार, अजीत कुमार, आशीष शुक्ला, लखन लाल, वसीम खान और अलीगंज थाना प्रभारी राजकुमार सिंह सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पूरे नेटवर्क की कड़ियां जोड़ी जा रही हैं और जल्द ही इस गिरोह से जुड़े अन्य आरोपियों पर भी बड़ी कार्रवाई की जाएगी।

और पढ़ें

Cricket Live Score

Corona Virus

Rashifal

और पढ़ें