एलाऊ हत्याकांड का सनसनीखेज खुलासा, पत्नी से बातचीत बना कत्ल की वजह
संवाद दाता:पंकज मिश्रा
मैनपुरी। थाना एलाऊ क्षेत्र में हुए युवक की हत्या के मामले का पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया है। पुलिस जांच में सामने आया है कि प्रेम प्रसंग के शक ने दोस्ती को दुश्मनी में बदल दिया और आरोपी ने अपने ही दोस्त की बेरहमी से हत्या कर दी। एसपी सिटी अरुण कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि 21 दिसंबर 2025 की रात ग्राम बहादुरपुर निवासी रविन्द्र सिंह पर सिर पर जानलेवा हमला किया गया था। गंभीर रूप से घायल अवस्था में उसे जिला अस्पताल मैनपुरी लाया गया, जहां से हालत नाजुक होने पर पीजीआई सैफई रेफर किया गया। इलाज के दौरान रविन्द्र सिंह की मौत हो गई। इस घटना के बाद मृतक के भाई उमाशंकर की तहरीर पर 22 दिसंबर को थाना एलाऊ में अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया।
पुलिस की जांच में चौंकाने वाले तथ्य सामने आए। एसपी सिटी के अनुसार आरोपी रोबिन की पत्नी और मृतक रविन्द्र सिंह के बीच करीब एक वर्ष से बातचीत हो रही थी। इस बात की जानकारी होने पर आरोपी रोबिन को शक हुआ और उसके मन में रंजिश पनपने लगी। इसी शक और आक्रोश ने अंततः हत्या का रूप ले लिया।
पुलिस अधीक्षक मैनपुरी के निर्देश पर गठित टीमों ने मामले की गंभीरता से जांच करते हुए लगातार दबिश दी। 23 दिसंबर 2025 को थाना प्रभारी एलाऊ अवनीश कुमार त्यागी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर मैनपुरी–किशनी मार्ग स्थित भीकपुरा जाने वाली सड़क के मोड़ से आरोपी रोबिन पुत्र रणवीर, उम्र लगभग 36 वर्ष, निवासी बहादुरपुर को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म कबूल करते हुए बताया कि उसने खाट के पाये से रविन्द्र सिंह के सिर पर वार कर उसकी हत्या कर दी थी। आरोपी की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त खाट का पाया भी पुलिस ने बरामद कर लिया है।
पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश कर आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। इस हत्याकांड के खुलासे के बाद क्षेत्र में सनसनी फैली हुई है, वहीं पुलिस की त्वरित कार्रवाई की सराहना की जा रही है।












