मुख्य विकास अधिकारी की अध्यक्षता में जिला व्यापार बंधु समिति की बैठक सम्पन्न, व्यापारिक समस्याओं के समाधान के दिए निर्देश
संवाददाता: सायरा सूर्यवंशी गौतम बुद्ध नगर: जनपद में व्यापारिक गतिविधियों को और अधिक सुगम, सुरक्षित एवं सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से सोमवार को विकास भवन सभागार में जिला व्यापार बंधु समिति की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता मुख्य विकास अधिकारी डॉ. शिवाकांत द्विवेदी ने की।
बैठक में जनपद के विभिन्न व्यापारिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने अतिक्रमण, यातायात जाम, पार्किंग की कमी, सड़कों की जर्जर स्थिति, जीएसटी से जुड़ी जटिलताओं तथा फुट ओवर ब्रिज की अनुपलब्धता जैसी समस्याओं को प्रमुखता से उठाया। व्यापारियों ने बताया कि कई बाजार क्षेत्रों में फुट ओवर ब्रिज न होने के कारण पैदल यात्रियों को सड़क पार करने में भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है, जिससे दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है और व्यापारिक गतिविधियां प्रभावित होती हैं। नोएडा, ग्रेटर नोएडा, दादरी सहित आसपास के प्रमुख बाजारों की स्थानीय समस्याओं से भी अधिकारियों को अवगत कराया गया।

मुख्य विकास अधिकारी डॉ. शिवाकांत द्विवेदी ने व्यापारियों की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित विभागों को आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने नगर पालिका दादरी एवं अन्य स्थानीय निकायों को बाजार क्षेत्रों में अतिक्रमण हटाने के लिए विशेष प्रवर्तन अभियान चलाने के निर्देश दिए। साथ ही जहां आवश्यकता हो, वहां नए फुट ओवर ब्रिज के निर्माण की संभावनाओं का परीक्षण कर प्रस्ताव तैयार करने के लिए भी कहा।
उन्होंने पुलिस विभाग को निर्देशित किया कि बाजार क्षेत्रों में यातायात व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ किया जाए तथा पीक आवर्स के दौरान अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित की जाए, जिससे व्यापारियों और आम नागरिकों को निर्बाध व सुरक्षित आवागमन मिल सके
मुख्य विकास अधिकारी ने कहा कि प्रशासन व्यापारिक हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए सभी विभागों के बीच बेहतर समन्वय के साथ कार्य करेगा, ताकि जनपद में अनुकूल व्यापारिक वातावरण तैयार हो और निवेश को प्रोत्साहन मिल सके। उन्होंने व्यापारियों के साथ निरंतर संवाद बनाए रखने की प्रतिबद्धता भी दोहराई।
बैठक का संचालन डिप्टी कमिश्नर प्रशासन, राज्य कर विभाग अजित कुमार सिंह द्वारा किया गया। बैठक में उपायुक्त उद्योग अनिल कुमार, अधिशासी अधिकारी दादरी शालिनी गुप्ता सहित जिला प्रशासन, प्राधिकरण, पुलिस विभाग एवं विभिन्न व्यापारिक संगठनों के पदाधिकारी उपस्थित रहे।
ये भी पढ़ें 31 दिसंबर के बाद बिना QR कोड वाले ई-रिक्शा पर होगी कार्रवाई












