आगरा में शराब के खिलाफ महिलाओं का महाविद्रोह

आगरा में शराब के खिलाफ महिलाओं का महाविद्रोह

स्टेट संवाददाता विष्णु रावत

देशी शराब ठेका तहस-नहस, लाखों की शराब सड़क पर बहाई — “अब गांव को शराब मुक्त बनाकर ही दम लेंगे”

उत्तर प्रदेश के आगरा जिले के थाना सैयां क्षेत्र अंतर्गत बिरहरु गांव में सोमवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई जब गांव की सैकड़ों महिलाओं ने देशी शराब के ठेके पर धावा बोल दिया। वर्षों से गांव में फैल रही शराब की लत, घरेलू हिंसा, आर्थिक बर्बादी और सामाजिक अव्यवस्था से त्रस्त महिलाओं का गुस्सा आखिरकार विस्फोट बनकर सामने आया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार महिलाएं एकजुट होकर ठेके के अंदर घुस गईं और वहां रखी शराब की बोतलों व पेटियों को तोड़ना शुरू कर दिया। देखते ही देखते सड़क पर शराब की धाराएं बहने लगीं। महिलाओं ने ठेके का फर्नीचर उखाड़ फेंका, सामान बाहर निकालकर नष्ट किया और लाखों रुपये की शराब सड़क पर बहा दी। कि महिलाएं पूरे आक्रोश के साथ ठेके को तहस-नहस कर रही हैं। यह कोई सामान्य विरोध प्रदर्शन नहीं था, बल्कि शराब के खिलाफ गांव की महिलाओं का खुला विद्रोह था। महिलाओं का आरोप है कि शराब ठेका खुलने के बाद से गांव का माहौल पूरी तरह खराब हो गया है। पुरुष नशे में घर लौटकर मारपीट करते हैं, बच्चों की पढ़ाई और भविष्य प्रभावित हो रहा है और गांव में असामाजिक तत्वों का जमावड़ा बढ़ गया है। महिलाओं ने कहा, “शराब ने हमारे घर उजाड़ दिए हैं, अब और बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।” सूचना मिलते ही थाना सैयां पुलिस मौके पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद स्थिति को नियंत्रित किया। हालांकि महिलाओं का आक्रोश इतना तीव्र था कि पुलिस को समझाने में कड़ी मशक्कत करनी पड़ी। ठेकेदार को भारी नुकसान हुआ है, लेकिन महिलाओं का कहना है कि यह नुकसान उनके टूटे परिवारों और बर्बाद भविष्य के सामने कुछ भी नहीं है। घटना के बाद गांव में शराब मुक्त गांव की मांग तेज हो गई है। महिलाओं ने प्रशासन से मांग की है कि गांव के आसपास किसी भी प्रकार का शराब ठेका न खोला जाए और स्थायी समाधान निकाला जाए। यह घटना ग्रामीण क्षेत्रों में शराब के दुष्प्रभाव और उसके खिलाफ महिलाओं के बढ़ते संघर्ष की मजबूत मिसाल बनकर सामने आई है।

अब देखना यह होगा कि प्रशासन इस गंभीर मामले में क्या ठोस कार्रवाई करता है और गांव को शराब मुक्त बनाने की दिशा में क्या कदम उठाए जाते हैं।

और पढ़ें

Cricket Live Score

Corona Virus

Rashifal

और पढ़ें