जनपद में 16 वें राष्ट्रीय मतदाता दिवस के सफल आयोजन हेतु स्वीप बैठक संपन्न हुई
संवाददाता योगेन्द्र सिंह
25 जनवरी को “My India, My Vote” थीम पर जनपद भर में होंगे कार्यक्रम
एटा, 22 जनवरी 2026 (सू0वि0)। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार 16वें राष्ट्रीय मतदाता दिवस को जनपद एटा में भव्य, प्रभावी एवं सफलतापूर्वक आयोजित किए जाने के उद्देश्य से जिला निर्वाचन अधिकारी/जिलाधिकारी प्रेमरंजन सिंह के निर्देशन में मुख्य विकास अधिकारी एवं नोडल अधिकारी स्वीप डॉ. नागेंद्र नारायण मिश्र की अध्यक्षता में विकास भवन स्थित उनके कार्यालय कक्ष में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में 25 जनवरी 2026 को राष्ट्रीय मतदाता दिवस के अवसर पर जनपद भर में आयोजित की जाने वाली विभिन्न गतिविधियों पर विस्तार से चर्चा की गई। इसमें विशेष रूप से नव पंजीकृत मतदाताओं को मतदाता पहचान पत्र (ईपीआईसी) वितरित करने, निर्वाचन कार्य में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) को सम्मानित करने, पात्र नागरिकों के नाम मतदाता सूची में दर्ज कराने तथा विद्यालयों में व्यापक मतदाता जन-जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने पर जोर दिया गया। मुख्य विकास अधिकारी डॉ. नागेंद्र नारायण मिश्र ने कहा कि राष्ट्रीय मतदाता दिवस का मुख्य उद्देश्य लोकतांत्रिक प्रक्रिया में नागरिकों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करना है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी कार्यक्रम समयबद्ध, सुव्यवस्थित एवं प्रभावी ढंग से आयोजित किए जाएं, ताकि अधिक से अधिक नागरिक मतदाता के रूप में जागरूक एवं प्रेरित हो सकें। उन्होंने यह भी निर्देशित किया कि विद्यालयों, महाविद्यालयों एवं सार्वजनिक स्थलों पर मतदाता जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर युवाओं को मतदान के महत्व से अवगत कराया जाए तथा पात्र मतदाताओं का शत-प्रतिशत पंजीकरण सुनिश्चित किया जाए।
बैठक में सहायक प्रभारी अधिकारी स्वीप एवं जिला विद्यालय निरीक्षक डॉ. इंद्रजीत सिंह, जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी प्रदीप कुमार, अनूप द्विवेदी, दयानंद श्रीवास्तव, संजय शर्मा, मनीष दुबे, अनूप चतुर्वेदी सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।












