देवेंद्र प्रताप सिंह परमार व राकेश सिंह के नेतृत्व में हजारों श्रद्धालुओं संग निकली शोभायात्रा, पुष्प वर्षा बनी आकर्षण
संवाददाता पवन सूर्यवंशी
अमृतपुर फर्रुखाबाद । श्रीराम प्राण प्रतिष्ठा के उपलक्ष में बुधवार को कोलासोता से अमृतपुर तक भव्य शोभायात्रा निकाली गई। यात्रा का नेतृत्व जिला पंचायत सदस्य देवेंद्र प्रताप सिंह परमार एवं ग्राम प्रधान राकेश सिंह के द्वारा किया गया। यात्रा में गुरुवार सुबह से ही श्रद्धालुओं का जमावड़ा लगना शुरू हो गया था। गांव व आसपास के क्षेत्र से हजारों श्रद्धालु, वाहन और बाइक शोभायात्रा में शामिल हुए। यात्रा में शामिल प्रत्येक बाइक और वाहन पर श्रीराम का ध्वज लहराता नजर आया, जबकि डीजे की धार्मिक धुनों ने पूरे मार्ग को भक्तिमय बना दिया। यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं ने जय श्रीराम के उद्घोषों से वातावरण गुंजायमान रखा। बुलडोजर पर सवार राकेश सिंह द्वारा यात्रा में शामिल श्रद्धालुओं पर पुष्प वर्षा की गई, जो शोभायात्रा का प्रमुख आकर्षण बना। पुष्प वर्षा के दौरान उपस्थित बड़ी संख्या में श्रद्धालु भावविभोर दिखाई दिए। यात्रा जब कोलासोता से अमृतपुर की ओर अग्रसर हुई, तब रास्ते में कई स्थानों पर जिला पंचायत सदस्य देवेंद्र प्रताप सिंह परमार का स्वागत किया गया। स्थानीय लोगों ने पुष्पगुच्छ व मालाओं के साथ यात्रा का अभिनंदन किया। सामाजिक और धार्मिक संगठनों ने भी यात्रा में सहभागिता निभाई।
(रामकुमार चौहान समाज सेवी ने किया भंडारा)
यात्रा अमृतपुर पहुंचकर सम्पन्न हुई, जहां रामकुमार चौहान द्वारा भंडारे का आयोजन किया गया। भंडारे में श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया और भक्ति-भाव के साथ सहभागी बने। पूरी शोभायात्रा के दौरान क्षेत्र में उत्साह, भक्ति और श्रद्धा का वातावरण देखने को मिला।, युवाओं, और बुजुर्गों ने बढ़-चढ़कर सहभागिता की।
यात्रा के सफल आयोजन पर श्रद्धालुओं ने प्रसन्नता व्यक्त की और आयोजकों का आभार जताया।












